रांके मेले ने सांस्कृतिक संरक्षण को दी नई दिशा : भीम हांग लिम्बू

रांके मेला-2026 का भव्य समापन

नामची : सिक्किम की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को समर्पित रांके मेला-2026 का शुक्रवार को पारंपरिक उत्साह और भव्यता के साथ समापन हो गया। 12 जुलाई से शुरू हुए छह दिवसीय इस महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लोक कलाओं, पारंपरिक ग्रामीण खेलों, मैराथन, वॉकाथन तथा सामुदायिक भागीदारी ने लोगों का भरपूर आकर्षित किया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और पर्यटकों की मौजूदगी ने एक बार फिर रांके मेले को राज्य के प्रमुख सांस्कृतिक आयोजनों में स्थापित किया।

समापन समारोह में भवन एवं आवास तथा श्रम विभाग के मंत्री भीम हांग लिम्बू मुख्य अतिथि तथा सिक्किम विधानसभा की उपाध्यक्ष राजकुमारी थापा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में नामची-सिंगीथांग के विधायक एवं डीएसीएस के अध्यक्ष तथा रांके मेला-2026 आयोजन समिति के संरक्षक सतीश चंद्र राई, बारफुंग के विधायक एवं भवन एवं आवास विभाग के सलाहकार रिक्शाल दोर्जी भूटिया, विभिन्न विभागों के सलाहकार और अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, मुख्यमंत्री के एपीएस (नामची), जिला कलेक्टर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, विभिन्न विभागों के अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि भीम हांग लिम्बू ने कहा कि रांके मेला आज सिक्किम के सबसे प्रतिष्ठित सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल हो चुका है। उन्होंने इसकी बढ़ती लोकप्रियता का श्रेय मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के दूरदर्शी नेतृत्व और राज्य सरकार के निरंतर सहयोग को दिया। उन्होंने अपने छात्र जीवन को याद करते हुए कहा कि कभी यह मेला सीमित स्तर पर आयोजित होता था, लेकिन वर्ष 2019 के बाद राज्य सरकार ने इसे नई पहचान दिलाई है।

उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्य कर रही है, वहीं दूसरी ओर युवाओं, उद्यमियों और स्थानीय समुदायों के लिए नए अवसर भी सृजित कर रही है। उन्होंने नामची के युवाओं से पर्यटन और स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे जिले के आर्थिक विकास को और गति मिलेगी।

मंत्री ने नामची जिले में चल रही विभिन्न आधारभूत संरचना परियोजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं में हो रहे सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार समावेशी विकास और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

अपने संबोधन में नामची-सिंगीथांग के विधायक एवं आयोजन समिति के संरक्षक सतीश चंद्र राई ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के मार्गदर्शन में ऐतिहासिक रांके मेले को एक सप्ताह के भव्य महोत्सव का स्वरूप दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने न केवल क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित किया है, बल्कि स्थानीय उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों, हस्तशिल्पियों, व्यापारियों तथा पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर भी पैदा किए हैं।

उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन, आयोजन समिति, विभिन्न विभागों, स्वयंसेवकों, सुरक्षा बलों और नामची की जनता के सामूहिक सहयोग की सराहना की।

समारोह के दौरान आयोजन समिति ने बिहार, कोलकाता, सिलीगुड़ी, गुवाहाटी, शिलांग, झारखंड और नामची से आए टूर एंड ट्रैवल प्रतिनिधियों तथा पत्रकारों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इन सभी को रांके मेले और नामची के पर्यटन की व्यापक स्तर पर पहचान दिलाने में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा स्थानीय हितधारकों और बर्ड वॉचिंग गाइडों को भी उनके सहयोग के लिए सम्मानित किया गया।

समापन दिवस पर पारंपरिक ग्रामीण खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिनमें ब्लाइंड हिट टिन, एंड्योरेंस प्रतियोगिता, पिलो फाइट, ग्रीस पोल क्लाइम्बिंग और बॉल जगलिंग जैसी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इससे पहले सुबह ‘नामची रांके रन’ के तहत खेल एवं युवा कार्य विभाग के सहयोग से ओपन वॉकाथन तथा पुरुष एवं महिला वर्ग की 21 किलोमीटर मैराथन आयोजित की गई। वॉकाथन के पुरुष वर्ग में लक्ष्मी प्रसाद छेत्री और महिला वर्ग में अमृता शेरपा विजेता बने। वहीं 21 किलोमीटर मैराथन के पुरुष वर्ग में डंबर कुमार बस्नेत तथा महिला वर्ग में आकांक्षा सिंह ने पहला स्थान हासिल किया।

रस्साकशी प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में बार्फुंग विधानसभा क्षेत्र की टीम विजेता रही, जबकि मणिराम फालिदारा जीपीयू उपविजेता बना। महिला वर्ग में नामची जिला पुलिस ने खिताब अपने नाम किया, जबकि पोकलोक-कामरंग विधानसभा क्षेत्र की टीम उपविजेता रही। समापन समारोह में सभी विजेताओं को सम्मानित किया गया और इसी के साथ छह दिनों तक चले रांके मेला-2026 का यादगार समापन हुआ।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics