गंगटोक : सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) की ओर से आज दरमदीन निर्वाचन क्षेत्र में सीएलसी के नवनिर्वाचित सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने तथा पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने पर विशेष चर्चा हुई।
बैठक में एसडीएफ पार्टी अध्यक्ष तथा पूर्व मुख्यमंत्री पवन चामलिंग ने निर्वाचन क्षेत्र समिति में विभिन्न पदों पर नियुक्त नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई दी। इनमें सीएलसी अध्यक्ष सुखबीर लेप्चा, महासचिव छबीलाल रसाइली, महिला मोर्चा संयोजक ओंगकित लेप्चा और उप-संयोजक नामित लेप्चा शामिल हैं।
इस अवसर पर पार्टी अध्यक्ष पवन चामलिंग ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपनी नई जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों, विचारधारा और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
चामलिंग ने कहा कि एसडीएफ पार्टी की बुनियाद राजनीतिक न्याय, सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता, आर्थिक न्याय और गरीब समर्थक नीतियों पर आधारित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन्हीं सिद्धांतों को लेकर लोगों के बीच जाने और संगठन को और मजबूत बनाने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान सोरेंग जिले के पार्टी नेताओं ने दरमदीन निर्वाचन क्षेत्र स्तरीय पार्टी कार्यालय का भी दौरा किया। बैठक में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष पीएस लिम्बू, सोरेंग जिलाध्यक्ष महेंद्र नाल्बो, दरमदीन के मुख्य सलाहकार पीबी राई, मुख्य सलाहकार पेम्बा सालाखा, सोरेंग जिला युवा संयोजक इजाक लिम्बू सहित जिले के अन्य पार्टी सदस्य और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
No Comments: