आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण माह का हुआ आयोजन

मंगन : महिला, बाल, वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांगजन कल्याण विभाग ने भविष्य भारत (मंगन) के सहयोग से राष्ट्रीय थीम हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी के तहत पोषण माह 2026 के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में समुदाय में पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा समग्र विकास को बढ़ावा देने में आंगनबाड़ी केंद्रों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सामूहिक जिम्मेदारी को रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम में नामोक ग्राम पंचायत के पंचायत सदस्यों के साथ विभाग के पोषण शिक्षिका सह निरीक्षक, पर्यवेक्षक एवं प्रखंड समन्वयक, भविष्य भारत मंगन के प्रतिनिधि एवं चिकित्सा दल, जिला अस्पताल मंगन की डीटीसी चिकित्सा टीम, मंगन ट्राइबल परियोजना के जोन-1 एवं जोन-2 की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, एचडब्ल्यूसी नामोक के प्रतिनिधि, गर्भवती एवं धात्री माताएं तथा विभिन्न आयु वर्ग के स्थानीय लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पोषण शिक्षिका सह निरीक्षक ने कार्यक्रम की थीम के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने सामुदायिक विकास तथा पोषण संबंधी कल्याण को बढ़ावा देने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका और जिम्मेदारियों को रेखांकित किया।

कार्यक्रम के दौरान मंगन ट्राइबल परियोजना के अंतर्गत पंजीकृत एसएएम और एमएएम बच्चों के बीच पोषक तत्वों से भरपूर पूरक आहार का वितरण किया गया। पोषण शिक्षिका सह निरीक्षक द्वारा निर्धारित मानकों एवं नियमों के तहत इन पोषण पूरकों को तैयार एवं पैक किया गया था। बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य के लिए ग्लेन मार्क फाउंडेशन की पहल हेल्थ ऑन व्हील्स परियोजना के तहत विभाग को इन पोषण पूरकों की तैयारी के लिए सहयोग प्रदान किया गया। पोषण शिक्षिका सह निरीक्षक ने पूरक आहार की संरचना, महत्व एवं लाभों की जानकारी दी। पर्यवेक्षक एवं प्रखंड समन्वयक ने पोषण माह के मासिक कैलेंडर, पोषण ट्रैकर के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों के जियो-लोकेशन दर्ज करने तथा पीएमएमवीवाई के तहत पंजीकरण से संबंधित जानकारी साझा की।

भविष्य भारत के चिकित्सा दल के चिकित्सा अधिकारी ने मातृ स्वास्थ्य पर जानकारी दी तथा नियमित मासिक अनुवर्ती जांच की। वहीं, जिला अस्पताल मंगन की डीटीसी चिकित्सा टीम ने क्षय रोग की जांच के लिए स्क्रीनिंग की। कार्यक्रम में सभी संबंधित पक्षों की सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। कार्यक्रम के सफल समापन के साथ समुदाय में पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी परिणामों में सुधार के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।

Next Post

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics