नॉर्थ सिक्किम इनोवेशन चैलेंज 2026 को लेकर जागरुकता कार्यक्रम आयोजित

काबी : मंगन जिले के काबी स्थित बीएसी में सोमवार को सिक्किम इंस्पायर्स पहल और नॉर्थ सिक्किम इनोवेशन चैलेंज 2026 को लेकर जागरुकता एवं संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय समुदायों के बीच उद्यमिता, नवाचार और टिकाऊ उद्यम विकास को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम का संचालन मंगन जिला उद्योग एवं निवेश टीम ने काबी के प्रखंड स्तरीय कार्यान्वयन टीम के समन्वय से किया। इस अवसर पर काबी के प्रखंड विकास अधिकारी ताशी वांग्याल भूटिया सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्थानीय उद्यमियों, एसएचजी के सदस्यों, होमस्टे संचालकों तथा अन्य हितधारकों को सिक्किम इंस्पायर्स के तहत उपलब्ध अवसरों, संस्थागत सहयोग और संभावित लाभों की जानकारी दी गई।

डीआईआईटी की टीम ने नॉर्थ सिक्किम इनोवेशन चैलेंज 2026 के संबंध में भी विस्तार से जानकारी साझा की। चैलेंज का उद्देश्य क्षेत्र से उभरने वाले नवाचारी विचारों, उत्पादों, सेवाओं और उद्यमों की पहचान कर उन्हें प्रोत्साहित एवं विकसित करना है। बताया गया कि चयनित 15 प्रतिभागियों में से प्रत्येक के लिए तीन लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रस्तावित है। यह सहायता निर्धारित चयन मानदंडों तथा संबंधित विचार या उद्यम के विकास स्तर और आवश्यकताओं के आकलन के आधार पर प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने उद्यमों से जुड़ी गतिविधियों और चुनौतियों को साझा किया। उन्हें उत्पाद विकास, सेवाओं में सुधार, ब्रांडिंग, उद्यम विस्तार तथा इनोवेशन चैलेंज के लिए अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। प्रतिभागियों को स्थानीय संसाधनों और नवाचारी उपायों के माध्यम से आजीविका के अवसरों को मजबूत करने तथा आर्थिक विकास में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया गया। जागरुकता एवं प्रचार अभियान के तहत नॉर्थ सिक्किम इनोवेशन चैलेंज 2026 के पोस्टर का औपचारिक रूप से लोकार्पण भी किया गया।

बीएलआईटी और कार्यक्रम में शामिल हितधारकों से अपने-अपने क्षेत्रों में चैलेंज की जानकारी व्यापक रूप से प्रसारित करने तथा पात्र उद्यमियों और नए उद्यम शुरू करने के इच्छुक लोगों को पंजीकरण कर भाग लेने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया गया। कार्यक्रम को मंगन जिले में जमीनी स्तर पर उद्यमिता और नवाचार संबंधी सहायता तंत्र के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया। इसके माध्यम से स्थानीय समुदायों की भागीदारी बढ़ाने और समावेशी आर्थिक विकास को गति देने पर बल दिया गया।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics