एसआईआर को लेकर मीडिया मॉनिटरिंग सेंटर स्थापित

गंगटोक : विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने और मतदाताओं तक सही जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से आज गंगटोक स्थित जिला प्रशासन केंद्र में मीडिया मॉनिटरिंग सेंटर स्थापित किया गया। इस केंद्र के माध्यम से मीडिया निगरानी, मतदाता जागरुकता, सूचना प्रसार और शिकायतों के त्वरित समाधान की व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।

मीडिया मॉनिटरिंग सेंटर का गठन एसआईआर प्रक्रिया के हर चरण में प्रभावी संचार सुनिश्चित करने के लिए किया गया है। इसका उद्देश्य मतदाताओं में जागरूकता बढ़ाना, जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना, एसआईआर से जुड़ी प्रक्रियाओं को स्पष्ट करना तथा किसी भी प्रकार की गलत सूचना या भ्रामक प्रचार पर समय रहते रोक लगाना है।

गौरतलब है कि यह केंद्र गंगटोक जिले के अंतर्गत आने वाले आठ विधानसभा क्षेत्रों-टुमिन-लिंगे, खामदोंग-सिंगताम, श्यारी, मार्तम-रूमटेक, अपर तादोंग, आरिथांग, गंगटोक और अपर बुर्तुक-के साथ संघ निर्वाचन क्षेत्र को भी कवर करेगा। केंद्र में प्रमुख समाचार चैनलों और एसआईआर प्रक्रिया से जुड़ी मीडिया कवरेज की निगरानी के लिए टेलीविजन सेट लगाया गया है। इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफार्मों और ऑनलाइन सामग्री की प्रभावी निगरानी के लिए उच्च गुणवत्ता वाले कंप्यूटर सिस्टम और बेहतर इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराई गई है। प्रमुख समाचार पत्रों की दैनिक समीक्षा भी की जाएगी।

बताया गया है कि इस मीडिया मॉनिटरिंग सेंटर की संचार रणनीति में एसआईआर के उद्देश्य, विभिन्न चरणों, प्रमुख गतिविधियों, मतदाता प्रपत्रों और प्रक्रियाओं से जुड़ी जानकारी का प्रसार शामिल है। साथ ही मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। इसके अलावा, एसआईआर प्रक्रिया को लेकर मीडिया में चल रही खबरों और जनचर्चाओं पर भी करीबी नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की गलत सूचना या भ्रामक प्रचार की पहचान प्रारंभिक स्तर पर ही की जा सके। ऐसे मामलों में तुरंत तथ्य-जांच कर सही जानकारी जारी की जाएगी।

मीडिया मॉनिटरिंग सेंटर द्वारा चिन्हित किसी भी जरूरी विषय को तत्काल संबंधित मीडिया नोडल अधिकारी को भेजा जाएगा और आगे जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष रखा जाएगा, ताकि शीघ्र कार्रवाई हो सके। साथ ही, एसआईआर प्रक्रिया का फोटो और वीडियो के माध्यम से दस्तावेजीकरण किया जाएगा। सफल उदाहरणों और लोगों के अनुभवों को भी संकलित किया जाएगा।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics