बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ सिक्किम की बड़ी उपलब्धि, बीएसएस महासचिव बने विश्व चैंपियनशिप की कोर कमेटी के सदस्य

गंगटोक : बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ सिक्किम (बीएएस) के महासचिव सुकांत दास को बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप-2026 की आयोजन समिति की कोर कमेटी का सदस्य नियुक्त किया गया है। उनका मनोनयन बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (बीएआई) के अध्यक्ष द्वारा किया गया है।

बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप का आयोजन 17 से 23 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में किया जाएगा। भारत करीब 17 वर्षों के अंतराल के बाद इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी करने जा रहा है। वल्र्ड बैडमिंटन फेडरेशन द्वारा आयोजित इस चैंपियनशिप को बैडमिंटन का ‘विश्व कप’ भी कहा जाता है। इसमें दुनिया के शीर्ष खिलाड़ी विश्व चैंपियन बनने के लिए अपनी चुनौती पेश करते हैं।

बीएएस ने सुकांत दास की नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके बैडमिंटन प्रशासन में उल्लेखनीय योगदान, नेतृत्व क्षमता, मेहनत, ईमानदारी और समर्पित सेवाओं का सम्मान है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन में उनके लंबे अनुभव और कुशल प्रबंधन क्षमता को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कोर कमेटी के सदस्य के रूप में सुकांत दास रणनीतिक योजना तैयार करने, प्रतियोगिता के संचालन, विभिन्न समितियों के बीच समन्वय स्थापित करने तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों और हितधारकों के साथ संपर्क बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन पर विश्व बैडमिंटन महासंघ के निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रतियोगिता के सफल और सुचारु आयोजन की जिम्मेदारी भी होगी।

बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ सिक्किम ने इस उपलब्धि को सुकांत दास के साथ-साथ पूरे सिक्किम राज्य के लिए गर्व का क्षण बताया है। एसोसिएशन ने कहा कि अध्यक्ष जैकब राई के नेतृत्व में सिक्किम में बैडमिंटन के विकास और खिलाडय़िों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। सुकांत दास की नियुक्ति भारतीय बैडमिंटन में बीएएस की बढ़ती भूमिका को भी दर्शाती है।

एसोसिएशन ने सुकांत दास पर विश्वास जताने के लिए बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के प्रति आभार व्यक्त किया तथा विश्व की इस प्रतिष्ठित खेल प्रतियोगिता के सफल आयोजन में उनके योगदान के लिए शुभकामनाएं दीं।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics