गेजिंग : जिला स्तरीय 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर गुरुवार को डीएसी, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सम्मेलन कक्ष में एक तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीसी तेनजिंग डी डेन्जोंग्पा ने की।
बैठक में गेजिंग के एसपी छिरिंग शेरपा, एडीसी सुरेश राई, गेजिंग जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ नामग्ये भूटिया, डीएफओ जिग्मी छेवांग, कृषि विभाग के अतिरिक्त निदेशक कर्मा शेरपा, पशुपालन एवं पशु चिकित्सा सेवा विभाग के अतिरिक्त निदेशक बीबी सुब्बा, खेल एवं युवा कार्य विभाग की अतिरिक्त निदेशक सुश्री एनएल भूटिया, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारी, एसएसबी के अधिकारी, यांगथांग विधानसभा क्षेत्र के विधायक के ओएसडी, एनएचआईडीसीएल, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित हितधारक उपस्थित थे। बैठक को संबोधित करते हुए डीसी ने कहा कि 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन देशभक्ति, गरिमा और व्यापक जनभागीदारी के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिला स्तरीय समारोह को सफल बनाने का आह्वान किया।
डीसी ने यांगथांग विधानसभा क्षेत्र के विधायक तथा सिक्किम सरकार के खेल एवं युवा कार्य विभाग, गंगटोक के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से जिलास्तरीय समारोह के आयोजन के लिए क्योंगसा स्टेडियम उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने संबंधित विभागों को स्टेडियम के समुचित रखरखाव, विशेष रूप से खेल मैदान एवं आसपास के बुनियादी ढांचे की देखरेख सुनिश्चित करने तथा तैयारी अवधि से लेकर समारोह के समापन तक पूरे परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों के अनुसार समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। इसमें समारोह स्थल की व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, परेड समन्वय, अतिथि सत्कार तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं शामिल हैं।
उन्होंने अनुशासन बनाए रखने, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा प्रतिभागियों और आगंतुकों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनका आवंटन किया गया, ताकि सभी संबंधित पक्षों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित किया जा सके। समारोह के सफल आयोजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, शैक्षणिक संस्थानों की भागीदारी, आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था तथा समग्र कार्यक्रम प्रबंधन से जुड़े विभिन्न सुझावों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जानकारी दी गई कि जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के तहत क्योंगसा स्टेडियम में 9 अगस्त से 13 अगस्त 2026 तक परेड का पूर्वाभ्यास कराया जाएगा। बैठक के समापन पर जिला कलेक्टर ने सभी विभागों एवं संबंधित हितधारकों से पूर्ण सहयोग, समर्पण और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि जिला स्तरीय 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण, यादगार और सफल बनाया जा सके।
No Comments: