गेजिंग : सिक्किम सरकार के भवन एवं आवास तथा श्रम विभाग के मंत्री एवं यांगथांग निर्वाचन क्षेत्र के विधायक भीम हांग लिम्बू ने आज गेजिंग के क्योंगसा में आयोजित क्योंगसा सर्व सेवा संगठन (केएसएसएस) के 25वें रजत जयंती समारोह के अंतिम दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस कार्यक्रम में गेजिंग के बीडीओ, एमईओ, बाजार अधिकारी, संबंधित क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधि तथा केएसएसएस के पदाधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के आगमन पर संगठन के सदस्यों द्वारा पारंपरिक खादा पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद डॉ भीमराव रामजी आंबेडकर की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्य अतिथि को सम्मान स्वरूप स्मृति-चिह्न भेंट किया गया। इसके बाद पुरुष वेटरन वर्ग का फाइनल मैच सुनाखरी समाज टिकजेक और विधायक यांगथांग टीम के बीच खेला गया, जिसमें पेनल्टी शूटआउट में सुनाखरी समाज टिकजेक ने जीत हासिल की। कार्यक्रम के दौरान रस्साकशी, बोरी दौड़, मिठाई पकड़ना, बॉल पास करना और गुब्बारे फोड़ने जैसे विभिन्न खेलों का आयोजन भी किया गया। साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियों ने रजत जयंती समारोह को और आकर्षक बना दिया।
इसके अलावा पुरुष ओपन फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मैच यूनाइटेड ब्रदर्स और बुद्धा रीबॉर्न के बीच खेला गया। समारोह का समापन ट्रॉफी और पुरस्कार वितरण के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
No Comments: