पांग-ल्हाब सोल महोत्सव में फुटसल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

गेजिंग : योक्‍सम के नोरबुगांग में चल रहे आठ दिवसीय पांग-ल्हाब सोल (नेसोल) महोत्सव के पांचवें दिन मंगलवार को फुटसल प्रतियोगिता और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। यह उत्सव 21 से 28 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में राज्य औषधीय वनस्पति बोर्ड के सलाहकार एनबी लिम्बू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ गेजिंग डीएफओ (टी) जिग्मे छेवांग शार्नगो, सोशल फॉरेस्ट्री डीएफओ अरुण गुरुंग और युकसम बीडीओ सनमान सुब्बा सम्मानित अतिथि के रूप में मौजूद रहे। साथ ही, शिक्षा, वन तथा कृषि एवं बागवानी विभागों, ग्राम पंचायतों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

पांग-ल्हाबसोल (नेसोल) उत्सव का आयोजन योक्‍सम की पांग-ल्हाबसोल उत्सव आयोजन समिति द्वारा पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री तथा क्षेत्रीय विधायक छिरिंग टी भूटिया के संरक्षण में किया जा रहा है। आयोजन में कंचनजंगा नेशनल पार्क प्रभाग, वन एवं पर्यावरण विभाग तथा पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग सहयोग कर रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि एनबी लिम्बू ने कहा कि ऐसे उत्सव सिक्किम की विशिष्ट संस्कृति और जातीय परंपराओं को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल और सांस्कृतिक मंच युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देते हैं और ऐसे आयोजनों से क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता है।

गौरलतब है कि पांग-ल्हाब सोल सिक्किम के प्रमुख पारंपरिक त्योहारों में से एक है। इस अवसर पर राज्य के संरक्षक देवता के रूप में पूजे जाने वाले कंचनजंगा पर्वत की विशेष पूजा-अर्चना कर सिक्किम की शांति, सुरक्षा तथा लोगों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की जाती है। इस वर्ष पांग-ल्हाब सोल 28 अगस्त को मनाया जाएगा और उस दिन राज्य में अवकाश रहेगा।

महोत्सव के तहत पांच खिलाडि़यों वाली फुटसल प्रतियोगिता के चार प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। मैचों को लेकर खिलाडि़यों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। दिनभर चले कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों और स्थानीय सांस्कृतिक दलों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिससे उत्सव का माहौल और भी रंगीन और जीवंत हो उठा।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics