लाचेन : सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत चावल की मासिक आपूर्ति 27 मई 2026 से लाचुंग-डोंगक्याला-गुरुदोंगमार-थांगू-लाचेन मार्ग के जरिए लाचेन जोंगसा पहुंचाई गई। वर्तमान में यही एकमात्र मार्ग है जो लाचेन जोंगसा तक पहुंच के लिए उपलब्ध है।
सिक्किम सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, मंगन जिला ने प्राकृतिक बाधाओं और कठिन परिस्थितियों के बावजूद लोगों की सेवा जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है। संभावित प्राकृतिक आपदाओं और आपात परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए खाद्यान्न का भंडारण लाचेन जोंगसा में किया जाएगा।
पूरे अभियान का संचालन चुंगथांग फूड गोदाम के प्रभारी सुदीप चंद्र राई और उनकी टीम द्वारा किया जा रहा है। यह कार्य मंगन के जिला नागरिक आपूर्ति अधिकारी (डीसीएसओ) पाल्देन एन लाचुंग्पा की निगरानी में संपन्न हो रहा है, जिसकी सीधी मॉनिटरिंग सिक्किम सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के सचिव द्वारा जिला कलेक्टर मंगन के समन्वय से की जा रही है।
यह खाद्यान्न भंडार लगभग तीन से चार महीने तक की जरूरतों को पूरा करने के लिए उपयोग में लाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि अब तक इन दुर्गम क्षेत्रों में पीडीएस खाद्यान्न की आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी की स्थिति सामने नहीं आई है। सिक्किम सरकार सभी कठिन परिस्थितियों के बावजूद यह सुनिश्चित कर रही है कि योजनाओं का लाभ समय पर वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचे।
No Comments: