सोरेंग : सोरेंग जिला पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के तत्वावधान में रविवार को सोरेंग के पांधी इन में विश्व पर्यटन दिवस मनाया गया। इस वर्ष विश्व पर्यटन दिवस की थीम ‘पर्यटन को नए सिरे से परिभाषित करने के लिए डिजिटल एजेंडा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ रखी गई।
कार्यक्रम में अखिल सिक्किम अनुसूचित जनजाति कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पीके सुब्बा मुख्य अतिथि तथा सिक्किम भूमि उपयोग एवं पर्यावरण बोर्ड के अध्यक्ष फुर्बा छिरिंग भूटिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग का वीडियो संदेश प्रदर्शित किया गया। इसके अलावा पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री टीटी भूटिया की ओर से वीडियो प्रस्तुति भी दिखाई गई।
मुख्य अतिथि पीके सुब्बा ने सम्मानित किए गए प्रतिभागियों को बधाई देते हुए सिक्किम की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने देश-विदेश के पर्यटकों से सिक्किम आने का आह्वान किया तथा राज्य में पर्यटन के विकास में मुख्यमंत्री के योगदान की सराहना की। उन्होंने सामुदायिक पर्यटन को बढ़ावा देने और विशेष रूप से जिलों में स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं आजीविका के अवसर पैदा करने में होमस्टे की महत्वपूर्ण भूमिका बताई। साथ ही सोरेंग जिले में पर्यटन आधारभूत संरचना और पर्यटन गतिविधियों को और मजबूत करने के लिए विभाग को सुझाव दिए। पर्यटन सेवाओं में डिजिटल पहल की दी जानकारी।
कार्यक्रम में येहांगला सुब्बा ने डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन एंड एआई : री-डिजाइनिंग टूरिज्म विषय पर पावरपॉइंट प्रस्तुति दी। इसमें पर्यटन सेवाओं को आधुनिक बनाने के लिए शुरू की गई विभिन्न डिजिटल पहलों की जानकारी दी गई। प्रस्तुति में सिक्किम पर्यटन विकास वेब पोर्टल, सिक्किम गो के माध्यम से आवास इकाइयों का ऑनलाइन पंजीकरण एवं नवीनीकरण, एसेट मैनेजमेंट सिस्टम, पर्यटन पहल एवं जनसूचना के लिए इंस्पायर्स पोर्टल, अतिथि ऐप, ई-ऑफिस के तहत ई-फाइल मॉड्यूल, एल्युमनी नेटवर्क मैनेजमेंट सिस्टम, ऑनलाइन प्लेसमेंट सिस्टम तथा फीडबैक मैनेजमेंट सिस्टम सहित अन्य डिजिटल व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सोरेंग जिला पर्यटन कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग की ओर से मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि को सम्मानित किया गया। इसके अलावा पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों को उनके प्रदर्शन और योगदान के लिए प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। इस दौरान सर्वश्रेष्ठ होमस्टे उत्कृष्ट प्रदर्शन का पुरस्कार रॉयल बरसी होमस्टे को प्रदान किया गया। वहीं सर्वश्रेष्ठ ट्रैवल एजेंसी के रूप में देखो सिक्किम टूर्स एंड ट्रैवल्स को सम्मानित किया गया। जबकि सर्वश्रेष्ठ होटल (टीएसडीएफ अनुपालन) सिमला रिट्रीट, सर्वश्रेष्ठ टैक्सी वाहन ताशी नामग्याल भूटिया, सर्वश्रेष्ठ पट्टेदार एनटीपीसी लिमिटेड, डब्ल्यूएसए दरामदिन, सर्वश्रेष्ठ टूर गाइड टोपजांग लामा तमांग को सम्मानित किया गया।
वहीं होमस्टे में राई होमस्टे, ट्रैवल एजेंसी में सैम्पेल एडवेंचर टूर्स एंड ट्रेक, होटल (टीएसडीएफ अनुपालन) में ब्लॉसम रिट्रीट, टैक्सी वाहन में नॉर्डेन भूटिया, पट्टेदार में कल्चर विलेज थरपु, टूर गाइड में दावा शेरपा को उत्कृष्ट प्रदर्शन का पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम के अंत में खुली चर्चा का आयोजन किया गया, जिसमें पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों और प्रतिभागियों ने सोरेंग जिले में पर्यटन के विकास को और मजबूत करने के लिए अपने विचार, सुझाव और अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में पंचायत सदस्य, पूर्व पार्षद, वरिष्ठ कल्याण अधिकारी प्रतिभा तमांग, एओ (आरएंडबी) नवराज शर्मा, सहायक निदेशक (पर्यटन) सुभाष चंद्र राई एवं संध्या शर्मा सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारक उपस्थित रहे।
No Comments: