पर्यटन के विकास के साथ पर्यटक स्थलों का संरक्षण जरूरी : खतिवड़ा

गेजिंग : पेलिंग वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के सम्मेलन कक्ष में रविवार को विश्व पर्यटन दिवस विविध कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। पेलिंग टूरिस्ट इंफॉर्मेशन सेंटर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पर्यटन के विकास, स्थानीय स्तर पर पर्यटन को बढ़ावा देने तथा पर्यटन से स्थानीय समुदाय को मिलने वाले अवसरों पर चर्चा की गई।

इस अवसर पर पर्यटन क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।कार्यक्रम में ग्रामीण विकास विभाग के अध्यक्ष नारायण खतिवड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। वहीं गेजिंग जिले के डीसी तेनजिंग डी. डेन्जोंग्पा, पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक विश्व विराज गुरूंग, विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, पर्यटन विकास समिति के सदस्य तथा स्थानीय पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गेजिंग के डीसी तेनजिंग डी डेन्जोंग्पा ने कहा कि पर्यटन को केवल भ्रमण तक सीमित न रखकर स्थानीय अर्थव्यवस्था, संस्कृति, परंपरा और रोजगार से जोड़कर आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विविधता और स्थानीय जीवनशैली को संरक्षित रखते हुए पर्यटन को बढ़ावा दिया जाए तो क्षेत्र में इसकी संभावनाएं और व्यापक हो सकती हैं। उन्होंने पेलिंग को पश्चिम सिक्किम का प्रमुख पर्यटन केंद्र बताते हुए कहा कि गेजिंग जिला प्राकृतिक पर्यटन संसाधनों से समृद्ध है। आवश्यकता है कि इन संभावनाओं को विश्व स्तर पर पहचान दिलाई जाए। उन्होंने पर्यटन के विकास के लिए सड़क संपर्क और अन्य आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया।

मुख्य अतिथि नारायण खतिवड़ा ने कहा कि यहां की प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी दृश्य, ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल तथा स्थानीय संस्कृति लंबे समय से पर्यटकों को आकर्षित करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन के विकास के साथ पर्यटक स्थलों के संरक्षण, स्वच्छता, आधारभूत संरचना के विकास और पर्यटकों के अनुकूल वातावरण तैयार करने पर भी विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पेलिंग को पर्यटन के क्षेत्र में पहचान दिलाने में कई लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, भले ही उनमें से कई लोग आज हमारे बीच नहीं हैं। उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पेलिंग के साथ आसपास के कई गांवों में भी होमस्टे के माध्यम से ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान पर्यटन क्षेत्र में विभिन्न माध्यमों से योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। होमस्टे पर्यटन, पर्यटन गाइड तथा पैराग्लाइडिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को भी सम्मान प्रदान किया गया। सबिना सुब्बा और लान्छो लेप्चा ने डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन विषय पर पावरपॉइंट प्रस्तुति दी। इस अवसर पर स्थानीय पर्यटन व्यवसायियों और अन्य सरोकारवालों ने पर्यटन क्षेत्र से जुड़े अपने अनुभव एवं सुझाव साझा किए। वक्ताओं ने पर्यटन गतिविधियों को स्थानीय स्तर पर अधिक व्यवस्थित, टिकाऊ और प्रभावी बनाने के लिए सरकारी संस्थाओं, स्थानीय समुदाय, पर्यटन व्यवसायियों तथा अन्य संबंधित पक्षों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता बताई।

विश्व पर्यटन दिवस प्रत्येक वर्ष 27 सितम्बर को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य पर्यटन के सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और पर्यावरणीय महत्व के प्रति लोगों में जागरुकता बढ़ाना है। पेलिंग में आयोजित कार्यक्रम ने पश्चिम सिक्किम की पर्यटन संभावनाओं को रेखांकित करने के साथ ही पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न पक्षों को एक मंच पर लाने का अवसर प्रदान किया।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics