गेजिंग नगर पंचायत के निर्वाचित प्रतिनिधियों ने ली शपथ, खिना माया तिवारी बनीं अध्यक्ष

गेजिंग : नगर पंचायत चुनाव 2026 के अंतर्गत नवनिर्वाचित गेजिंग नगर पंचायत के पांच सदस्यों ने आज शपथ ग्रहण किया। यह शपथ समारोह जिला पंचायत भवन में आयोजित हुआ, जहां डीसी तेन्जिंग डी डेन्जोंग्पा ने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ लेने वालों में सभापति पद पर खिना माया तिवारी (न्यू गेजिंग वार्ड), उपसभापति पद पर रिन्जिंग भूटिया (क्यांगसा वार्ड) तथा सदस्य पद पर लाकी डोमा भूटिया (नया बाजार वार्ड), प्रवीन दर्जी (बेदुंग वार्ड) और सुमन मित्तल (सेंटर गेजिंग वार्ड) शामिल हैं। सभी सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। यह समारोह सिक्किम सरकार के सलाहकार एवं गेजिंग-बर्मेक निर्वाचन क्षेत्र के विधायक लोकनाथ शर्मा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में ग्रामीण विकास विभाग के अध्यक्ष नारायण खतिवड़ा, जिलाध्यक्ष डीएस लिम्बू, सिक्किम मिल्क यूनियन के अध्यक्ष यम कुमार मिश्र, एससी बोर्ड के अध्यक्ष शेखर सेवा, डीसी तेन्जिंग डी. डेन्जोंग्पा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक छिरिंग शेरपा सहित विभिन्न बोर्डों व संस्थानों के पदाधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता एवं सरकारी अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत एमईओ गोपाल शर्मा के स्वागत भाषण से हुई।

इसके बाद अपने संबोधन में डीसी तेन्जिंग डी डेन्जोंग्पा ने कहा कि नगर पंचायत एक स्थानीय सरकार है, इसलिए बाजार क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए सभी को प्रतिबद्ध होकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने गेजिंग को राज्य का आदर्श बाजार बनाने का आह्वान किया और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर नालों की सफाई सुनिश्चित करने पर एक लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की। साथ ही, नालों में कचरा फेंकने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई एवं जुर्माना लगाने की बात भी कही।

मुख्य अतिथि के रूप में विधायक लोकनाथ शर्मा ने कहा कि सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा सरकार ने पहली बार पार्टी चिन्ह पर नगर परिषद, नगरपालिका और नगर पंचायत चुनाव संपन्न कराए हैं। इससे पहले चुनाव स्वतंत्र रूप से होते थे और राज्यभर में केवल एक वार्ड में ही चुनाव हुआ था। उन्होंने कहा कि पार्टी ने योग्य उम्मीदवारों का चयन कर उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है और अब गेजिंग बाजार के समग्र विकास की रूपरेखा तैयार कर कार्य प्रारंभ करना आवश्यक है। उन्होंने आगे कहा कि गेजिंग बाजार में कई समस्याएं हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से हल करना होगा।

जिला प्रशासन, सरकार और स्थानीय निकाय के समन्वित प्रयास तथा जनता के सहयोग से अगले दो वर्षों में गेजिंग को एक नए स्वरूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने अपने स्तर से हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। विधायक शर्मा ने प्रधानमंत्री द्वारा सिक्किम की स्वच्छता की सराहना का उल्लेख करते हुए कहा कि भविष्य में राज्य में पर्यटकों की संख्या और बढ़ेगी। इसलिए बाजार को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics