Tshering Palden Bhutia ने गंगटोक के मेयर पद की ली शपथ

गंगटोक : राज्य के नगरपालिका चुनाव 2026 के अंतर्गत गंगटोक नगर निगम के नवनिर्वाचित पार्षदों की चौथी परिषद का गठन एवं शपथ ग्रहण समारोह आज राजधानी गंगटोक के देउराली स्थित नगर निगम भवन के सम्मेलन कक्ष में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत शहरी विकास विभाग के आयुक्त एवं सचिव जितेंद्र सिंह राजे के संबोधन से हुई। उन्होंने नवनिर्वाचित पार्षदों को सिक्किम सरकार की ओर से हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पार्षदों से जनता की सेवा में समर्पित रहते हुए समन्वय के साथ कार्य करने और अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं निर्वाचन अधिकारी तुषार जी निखारे ने गंगटोक नगर निगम के 20 नवनिर्वाचित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री अरुण उप्रेती, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्री जीटी ढुंगेल, ग्रामीण विकास विभाग की सलाहकार एवं बुर्तुक क्षेत्र की विधायक कला राई, शहरी विकास विभाग के सलाहकार एवं गंगटोक क्षेत्र के विधायक डीएन बारफंग्‍पा, वन एवं पर्यावरण विभाग के सलाहकार एवं स्यारी क्षेत्र के विधायक तेन्जिंग लाम्टा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान गंगटोक नगर निगम के डेवलपमेंट वार्ड की पार्षद छिरिंग पाल्देन भूटिया (Tshering Palden Bhutia) के नाम का प्रस्ताव मेयर पद के लिए रखा गया, जिसे सभी पार्षदों ने सर्वसम्मति से समर्थन दिया और उन्हें मेयर निर्वाचित किया गया। इसी प्रकार आरिथांग वार्ड से निर्वाचित पार्षद सारा लामा को उपमेयर पद के लिए प्रस्तावित किया गया, जिसे भी सर्वसम्मति से स्वीकार करते हुए उन्हें उपमेयर चुना गया। इसके पश्चात नवनिर्वाचित मेयर और उपमेयर को निर्वाचन अधिकारी द्वारा गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics