तकनीक एवं न्यायिक शिक्षा पर राष्ट्रीय सम्मेलन को लेकर समन्वय बैठक आयोजित

गंगटोक : आगामी 1 और 2 मई को होने वाले ‘तकनीक एवं न्यायिक शिक्षा पर राष्ट्रीय सम्मेलन’ के संबंध में आज सिक्किम उच्च न्यायालय के अधिकारियों द्वारा स्थानीय ताशीलिंग सचिवालय में एक समन्वय बैठक आयोजित की गई। इस सम्मेलन में भारत के 53वें मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीशों, विभिन्न उच्च न्यायालयों के न्यायाधीशों और विदेशी राजदूतों के शामिल होने की उम्मीद है।

आज की बैठक की अध्यक्षता सिक्किम सरकार के मुख्य सचिव आर. तेलंग ने की। इस दौरान, उन्होंने विभिन्न विभागों के प्रमुखों और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के समन्वय से प्रोटोकॉल, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, कार्यक्रम स्थल की तैयारियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सौंदर्यीकरण एवं मरम्मत कार्यों, परिवहन एवं आवास सहित अन्य लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं की स्थिति की समीक्षा की। साथ ही, इस दो-दिवसीय कार्यक्रम के सुचारू और प्रभावी संचालन को सुनिश्चित करने हेतु सुझाव भी प्रस्तुत किए गए।

बैठक में, तेलंग ने सूक्ष्म योजना और समन्वय के महत्व पर जोर देते हुए कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों से पूर्ण प्रतिबद्धता का आह्वान किया। इस दौरान, मंगन जिला कलेक्टर अनंत जैन और पाकिम जिला कलेक्टर रोहन अगवाने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से शामिल हुए और उन्हें बैठक के एजेंडा तथा तैयारियों के बारे में जानकारी दी गई।

इस अवसर पर सिक्किम के पुलिस महानिदेशक अक्षय सचदेव, पर्यटन व नागरिक उड्डयन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सीएस राव, शहरी विकास आयुक्त सह सचिव जितेंद्र सिंह राजे, विभिन्न विभागों के प्रमुख, सिक्किम उच्च न्यायालय एवं सिक्किम न्यायिक अकादमी के अधिकारी, 17 माउंटेन डिवीजन के अधिकारी, सिक्किम पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, गंगटोक डीएसी और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics