पाकिम : मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग (Prem Singh Tamang) ने रविवार को एटीटीसी बारदांग में रोटरी क्लब ऑफ सिक्किम और इनर व्हील क्लब ऑफ सिक्किम की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित अंतरविद्यालयी शैक्षणिक महोत्सव उड़ान-द फ्लाइट ऑफ क्रिएटिविटी में भाग लिया। कार्यक्रम में शिक्षा, खेल एवं युवा मामले, विधि तथा संसदीय कार्य विभाग के मंत्री राजू बस्नेत, सूचना प्रौद्योगिकी, भू-राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभागों के विधायक-सह-परामर्शदाता एलबी दास भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक अक्षय सचदेव, पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के अपर मुख्य सचिव सीएस राव, शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव डॉ. संदीप तांबे, विद्यालय शिक्षा सचिव ताशी छोपेल, पाकिम की डीसी परि बिश्नोई, नामची की डीसी अनुपा तामलिंग, पाकिम के एसपी छिरिंग शेरपा, रंगपो की एसडीओ सुजाता सुब्बा सहित विभिन्न संस्थानों के प्रमुख, रोटरी क्लब ऑफ सिक्किम और इनर व्हील क्लब ऑफ सिक्किम के सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता तथा समर्पण प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराने के लिए रोटरी क्लब ऑफ सिक्किम और इनर व्हील क्लब ऑफ सिक्किम के प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने राज्य के 131 स्कूलों से करीब 1300 विद्यार्थियों की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि उड़ान सिक्किम के युवा विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और क्षमता का उत्सव है। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए बड़े सपने देखने, कठिन परिश्रम करने और असफलताओं को सफलता की दिशा में आगे बढ़ने का माध्यम मानने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों से माता-पिता और शिक्षकों के त्याग एवं योगदान को समझने तथा उपलब्ध संसाधनों और अवसरों का रचनात्मक उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही सही जानकारी प्राप्त करने और हानिकारक आदतों से दूर रहने पर भी बल दिया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के कल्याण, शिक्षा और समग्र विकास के लिए सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम से पहले एटीटीसी बरदांग के एनसीसी कैडेटों ने मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न कक्षाओं का दौरा कर चल रही प्रतियोगिताओं और जल संरक्षण : भविष्य की ओर एक दृष्टिकोण विषय पर लगाए गए परियोजना प्रदर्शन का अवलोकन किया। इस अवसर पर उड़ान के अध्यक्ष डॉ योगेश वर्मा ने उड़ान-द फ्लाइट ऑफ़ क्रिएटिविटी की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इसकी शुरुआत वर्ष 2011 में हुई थी। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव कक्षाओं और पाठ्यपुस्तकों से आगे विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को निखारने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में विकसित हुआ है। उन्होंने बताया कि उड़ान एक दिवसीय अंतरविद्यालयी शैक्षणिक महोत्सव है, जिसमें राज्य के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के सरकारी एवं निजी स्कूलों के विद्यार्थी हिस्सा लेते हैं। इसमें विभिन्न शैक्षणिक और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नामची जिला प्रशासन केंद्र की पहल माया (मिशन ऑफ एडोलसेंट एंड यूथ एडवांसमेंट) का भी शुभारंभ किया। यह पहल जोखिमग्रस्त बच्चों और किशोरों की रोकथाम, संरक्षण, पुनःएकीकरण और सशक्तीकरण के उद्देश्य से शुरू की गई है। नामची की डीसी अनुपा तामलिंग ने अपने संबोधन में स्कूल छोड़ने के जोखिम वाले बच्चों की समय रहते पहचान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्कूल छोड़ने की समस्या के समाधान के लिए सरकारी विभागों, शिक्षण संस्थानों और अन्य हितधारकों के बीच समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि ‘माया’ के माध्यम से जिला प्रशासन सहायता प्रणालियों को मजबूत करने, संरक्षण और पुनःएकीकरण की सुविधा प्रदान करने तथा बच्चों और किशोरों के लिए निरंतर शिक्षा, विकास और सशक्तीकरण के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने पाकिम जिला प्रशासन केंद्र की पहल एकाया वेलनेस फेस्टिवल का भी शुभारंभ किया। पाकिम की डीसी परि बिश्नोई ने पहल की जानकारी देते हुए बताया कि पाकिम जिला प्रशासन ने सिक्किम इंस्पायर्स कार्यक्रम के तहत एब एंड फ्लो तथा अन्य हितधारकों के सहयोग से यह पहल शुरू की है। इसका उद्देश्य पर्यटन को स्थानीय समुदायों, आजीविका, संस्कृति, खान-पान, स्वास्थ्य एवं कल्याण तथा प्रकृति से जोड़ना है। यह पहल पारंपरिक पर्यटन स्थलों के भ्रमण से आगे बढ़कर पर्यटकों को समुदाय आधारित अनुभव उपलब्ध कराएगी।
इसमें योग एवं स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियां, प्रकृति भ्रमण, स्थानीय व्यंजन, पारंपरिक हस्तशिल्प, मिट्टी के बर्तन बनाने की कला, सांस्कृतिक गतिविधियां और होमस्टे शामिल हैं। इसका उद्देश्य पर्यटकों को सिक्किम के लोगों, परंपराओं और प्राकृतिक परिवेश से सार्थक रूप से जुड़ने का अवसर देना है। डीसी ने बताया कि इस महोत्सव में उद्यमियों, स्वास्थ्य एवं कल्याण क्षेत्र के विशेषज्ञों, संस्थापकों, सामग्री निर्माताओं और अन्य पेशेवरों को एक मंच पर लाया जाएगा। इसका उद्देश्य राज्य की विविध पर्यटन संभावनाओं का अनुभव कराने और उन्हें बढ़ावा देने के साथ आत्मनिर्भर, अनुभव आधारित पर्यटन व्यवस्था को बढ़ावा देना है।
मुख्यमंत्री ने उड़ान के स्मारिका ‘रिफ्लेक्शन 2026’ के आवरण पृष्ठ का भी अनावरण किया। एक दिवसीय महोत्सव को तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया था। इनमें जूनियर वर्ग (कक्षा 2 से 5), मिडिल वर्ग (कक्षा 6 से 8) और सीनियर वर्ग (कक्षा 9 से 12) शामिल थे। विद्यार्थियों ने वक्तव्य, लेट्स कन्वर्स, क्विज, वर्ड पावर, स्पेल बी, स्पीड मैथ, रचनात्मक लेखन, मैथ्स मैजिक और वित्तीय साक्षरता पर वार्ता सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के समापन पर पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें प्रतिभागी विद्यार्थियों के साथ तीनों श्रेणियों में विभिन्न स्कूलों की विजेता टीमों को सम्मानित किया गया।
No Comments: