गंगटोक : जिले में जारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की समीक्षा और बूथ स्तरीय अधिकारियों को टैबलेट वितरण करने को लेकर आज विधायक सह यूडीडी एवं खाद्य व नागरिक आपूर्ति सलाहकार Delay Namgyal Barfungpa की अध्यक्षता में शहरी विकास विभाग की एक समन्वय बैठक आयोजित की गई।
कार्यक्रम के दौरान बीएलओ को टैबलेट वितरित किए गए। इन टैबलेटों का उपयोग मतदाता पंजीकरण, मतदाता सूची अद्यतन, मतदान केंद्र प्रबंधन और अन्य क्षेत्रीय कार्यों को सुगम बनाने के लिए किया जाएगा। इस अवसर पर विधायक बार्फुंग्पा ने एसआईआर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अभियान 20 मई से शुरू हुआ है, जबकि घर-घर जाकर सत्यापन कार्य 30 मई से प्रारंभ किया गया है। उन्होंने इसे भारतीय निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित एक व्यापक अभियान बताया, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची को सही, पूर्ण और अद्यतन बनाना है।
उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य को समय पर और सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए सभी विभागों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय और टीम भावना आवश्यक है। अंतिम मतदाता सूची 6 सितंबर 2026 को प्रकाशित की जानी है। उन्होंने डिजिटल युग में पारदर्शी और तकनीक-मैत्री शासन को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग की परिकल्पना के अनुरूप शासन और सुविधाओं को लोगों के द्वार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की दिशा में कार्य करना होगा।
इस दौरान, गंगटोक नगर निगम की मेयर छिरिंग पाल्देन भूटिया ने कहा कि बूथ स्तरीय अधिकारी जमीनी स्तर पर शासन व्यवस्था को मजबूत करने और समुदाय स्तर पर जनसेवा को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बीएलओ से मतदाता जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाने और नागरिकों के साथ सक्रिय संवाद स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने शासन व्यवस्था में तकनीक आधारित उपायों को अपनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया और बीएलओ को टैबलेट उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की।
वहीं, बैठक में गंगटोक एडीसी सिसुम वांग्चुक भूटिया ने भी चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन्होंने टैबलेट के प्रभावी उपयोग, समय पर रिपोर्टिंग, उचित समन्वय और डिजिटल साधनों के कुशल उपयोग के महत्व पर भी जोर दिया।
No Comments: