सोरेंग : भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची को स्वच्छ, सटीक एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे एसआईआर-2026 अभियान के तहत सोरेंग जिले में तीसरे दिन कुल 6,643 एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित किए गए।
जिला प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार विधानसभा क्षेत्रवार वितरित एन्यूमरेशन फॉर्म विवरण के तहत रिनचेनपोंग विधानसभा क्षेत्र में 1,753, दरामदीन विधानसभा क्षेत्र में 1,523, सोरेंग-च्याखुंग विधानसभा क्षेत्र में 2,294, सालघारी-जूम विधानसभा क्षेत्र में 1,073 बांटे गए हैं। कुल मिलाकर 6,643 एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण किया गया है।
प्रशासन ने बताया कि घर-घर जाकर प्रपत्र वितरण और सत्यापन का कार्य 28 जून, 2026 तक जारी रहेगा। इस दौरान बीएलओ प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे तथा मतदाताओं को उनकी जानकारी के सत्यापन और अद्यतन करने में सहायता प्रदान करेंगे।
मतदाताओं से अनुरोध किया गया है कि वे प्रपत्र जमा करने से पूर्व अपने नाम, आयु, पता, फोटो, ईपीआईसी संख्या तथा पारिवारिक विवरण की सावधानीपूर्वक जांच कर लें। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करना, मृत, स्थानांतरित एवं दोहराए गए मतदाताओं के नाम हटाना, मतदाता संबंधी त्रुटियों का सुधार करना तथा मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना है।
जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से घर-घर सत्यापन प्रक्रिया के दौरान बीएलओ को पूर्ण सहयोग देने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर गणना प्रपत्र जमा करने की अपील की है। सहायता के लिए मतदाता अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं, ईआरओ या एईआरओ के कार्यालय जा सकते हैं। इसके अलावा वोटर हेल्पलाइन ऐप का उपयोग कर सकते हैं या हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।
अभियान में विभिन्न राजनीतिक दलों के बीएलए भी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता और जनभागीदारी को बढ़ावा मिल रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी, सोरेंग ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे घर-घर सत्यापन अभियान के दौरान बूथ स्तरीय अधिकारियों का सहयोग करें, ताकि जिले की मतदाता सूची को अधिक सटीक, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाया जा सके।
No Comments: