रुमटेक में आयुष शिविर ने बढ़ाई स्वास्थ्य जागरूकता

गंगटोक : सिक्किम सरकार के आयुष विभाग ने स्थानीय सोचेगांग स्थित 10 शय्या वाले आयुष अस्पताल के माध्यम से रुम्‍तेक स्थित जिमचुंग मोनेस्ट्री में आयुष आउटरीच स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया। शिविर का उद्देश्य आयुष चिकित्सा पद्धतियों के जरिए लोगों को रोगों से बचाव, स्वस्थ जीवनशैली और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करना था।

शिविर में सामान्य स्वास्थ्य परामर्श के साथ मुफ्त आयुष दवाएं वितरित की गईं। इसके अलावा रक्तचाप, रैंडम ब्लड शुगर और हीमोग्लोबिन की जांच की गई। लोगों को स्वस्थ खान-पान और जीवनशैली अपनाने की सलाह दी गई तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए ‘योगा 365’ को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।

वहीं, शिविर में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों पर जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें लोगों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सुरक्षित जीवन जीने का संदेश दिया गया। बताया गया कि शिविर में कुल 94 लाभार्थियों की स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें 81 लोगों का रक्तचाप, 77 लोगों का रैंडम ब्लड शुगर और सभी 94 लोगों का हीमोग्लोबिन परीक्षण किया गया। जांच के दौरान उच्च रक्तचाप के 10 और मधुमेह के दो मामले सामने आए। वहीं, 28 लोगों में हल्के और 10 लोगों में मध्यम स्तर की रक्ताल्पता पाई गई। गंभीर रक्ताल्पता का कोई मामला सामने नहीं आया।

जांच के आधार पर जरूरतमंद लाभार्थियों को चिकित्सकीय परामर्श, स्वास्थ्य संबंधी सुझाव और मुफ्त आयुष दवाएं दी गईं। साथ ही आवश्यक मामलों में आगे की जांच और उपचार कराने की सलाह दी गई। स्वास्थ्य शिविर का संचालन होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी डॉ यमुना शर्मा, सोवा-रिग्पा चिकित्सा अधिकारी डॉ छिरिंग यूदेन और योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अधिकारी डॉ यंग लेप्चा ने आयुष कर्मचारियों के सहयोग से किया। विभाग ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण आयुष स्वास्थ्य सेवाएं समुदाय तक पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics