नामची : विश्व बाल श्रम निषेध दिवस तथा देशव्यापी बचाव एवं पुनर्वास अभियान 4.0 के तहत नामची जिला श्रम विभाग ने सोमवार को नामची बाजार में संयुक्त निरीक्षण एवं बचाव अभियान चलाया। यह अभियान 1 जुलाई 2026 को जारी निर्देश के तहत बच्चों को श्रम से मुक्त कराने, उनकी पहचान और पुनर्वास के उद्देश्य से चलाया जा रहा है, जो 31 अगस्त तक जारी रहेगा।
बाल एवं किशोर श्रम (निषेध एवं विनियमन) अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए गठित जिला टास्क फोर्स द्वारा संचालित इस अभियान के दौरान नामची के एसडीएम के साथ श्रम विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई, शिक्षा विभाग और नामची पुलिस थाने के अधिकारी मौजूद रहे।
टीम ने नामची बाजार के कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और बाल श्रम कानून के प्रावधानों के पालन की जांच की। अधिकारियों ने नियोक्ताओं, कर्मचारियों और आम लोगों को बाल श्रम पर प्रतिबंध तथा बच्चों को काम पर रखने के कानूनी परिणामों की जानकारी भी दी।
निरीक्षण के दौरान एक संदिग्ध बाल श्रमिक की आयु से संबंधित वैध दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद उसे बचाकर आवश्यक जांच और सत्यापन के लिए बाल कल्याण समिति, नामची के समक्ष पेश किया गया। बाद में, दस्तावेजों की जांच में यह पुष्टि हुई कि संबंधित व्यक्ति की आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है और वह नाबालिग नहीं है। इसके बाद उसे रिहा कर उसके अभिभावक के सुपुर्द कर दिया गया।
इस दौरान, श्रम विभाग ने बच्चों के अधिकारों और कल्याण की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए नियोक्ताओं और आम नागरिकों से बाल श्रम की किसी भी घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की। विभाग ने कहा कि नामची जिले को बाल श्रम मुक्त बनाने के लिए इस तरह के संयुक्त निरीक्षण और जागरुकता अभियान लगातार जारी रहेंगे।
No Comments: