गंगटोक : सटीक निशाने, संयम और प्रतिस्पर्धी उत्साह के साथ गंगटोक के तथांगचेन में पहली गवर्नर्स आर्चरी गोल्ड कप (कंपाउंड) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में सिक्किम के विभिन्न हिस्सों से कुल 19 टीमें भाग ले रही हैं।
सिक्किम आर्चरी एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य जमीनी स्तर पर तीरंदाजी को बढ़ावा देना, युवाओं की भागीदारी बढ़ाना तथा उभरते खिलाडिय़ों को राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर प्रदान करना है।
आज प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर राज्य के धार्मिक मामलों, पीएचई एवं जल संसाधन मंत्री तथा सिक्किम आर्चरी एसोसिएशन के अध्यक्ष सोनम लामा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं विधायक के ओएसडी पूजन राई विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। आयोजन स्थल पहुंचने पर आयोजन समिति के सदस्यों ने मंत्री सोनम लामा का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले तीरंदाजों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता के दौरान गेजिंग रेड और सोचाकगांग (गंगटोक) की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। दोनों टीमों के खिलाडिय़ों ने सटीक निशानेबाजी, अनुशासन और निरंतरता का प्रदर्शन किया। मुकाबले को देखने के लिए स्थानीय दर्शकों के साथ बड़ी संख्या में तीरंदाजी प्रेमी भी मौजूद रहे।
एसोसिएशन राज्य के विभिन्न जिलों में बड़ी तीरंदाजी प्रतियोगिताओं के आयोजन के माध्यम से नई प्रतिभाओं को सामने लाने और सिक्किम के खेल ढांचे को मजबूत करने की दिशा में भी लगातार काम कर रहा है। बताया गया है कि प्रतियोगिता में विजेता टीम को पांच लाख रुपये तथा उपविजेता टीम को तीन लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
No Comments: