गंगटोक : लगातार बारिश के बीच राकदोंग-तिनतेक ब्लॉक के तिनतेक-मार्चक क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान नालियों और पुलियों के अवरुद्ध होने से भूस्खलन और जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। इससे कई घरों और भूमि क्षेत्रों को नुकसान पहुंचा है, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद शुक्रवार तड़के उपमंडलीय मजिस्ट्रेट राबदांग सुरेन तमांग, बीडीओ पुष्कर खतिवड़ा, आपदा प्रबंधन अधिकारियों और संबंधित ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पुलियों और जलनिकासी मार्गों के अवरुद्ध होने से सड़क का एक हिस्सा बह गया तथा नीचे स्थित आवासीय क्षेत्रों पर खतरा पैदा हो गया। इसके बाद मशीनरी और श्रमिकों को लगाकर अवरुद्ध जलनिकासी मार्गों को साफ कराया गया तथा भूस्खलन संभावित स्थानों पर तिरपाल बिछाए गए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर, गंगटोक ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत तत्काल एहतियाती उपाय लागू करने के निर्देश दिए हैं। जीआरईएफ अधिकारियों को सभी आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर 26 जून तक कार्रवाई प्रतिवेदन (एटीआर) जमा करने को कहा गया है। जिला प्रशासन ने कहा है कि वह स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है।
No Comments: