सिक्किम से 30 सदस्यीय तीर्थयात्रियों का विशेष दल सोमनाथ यात्रा पर रवाना

गंगटोक : सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत सिक्किम से 30 सदस्यीय तीर्थयात्रियों का विशेष दल शनिवार को गुजरात स्थित ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर की यात्रा के लिए रवाना हुआ। राज्य के मंत्री अरुण उप्रेती ने संस्कृति विभाग के सचिव एवं वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग गोले के संरक्षण में आयोजित इस यात्रा में सिक्किम के विभिन्न जातीय समुदायों के 28 प्रतिनिधियों के साथ संस्कृति विभाग के दो अधिकारी शामिल हैं। यात्रा का नेतृत्व सिक्किम सरकार के संस्कृति विभाग के ओएसडी भवानी घिमिरे कर रहे हैं। यह दल असम, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा के तीर्थयात्रियों के साथ विशेष रेलगाड़ी ‘सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा’ में शामिल होकर गुजरात के प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर पहुंचेगा।

इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को सोमनाथ मंदिर के दर्शन कराने के साथ ही उसके ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व से परिचित कराना है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु मंदिर में दर्शन, रुद्राभिषेक, महाआरती, भजन संध्या और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके अलावा प्रकाश एवं ध्वनि कार्यक्रम के माध्यम से भी उन्हें सोमनाथ के गौरवशाली इतिहास की जानकारी दी जाएगी।

यात्रियों को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत आयोजित विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन भी कराया जाएगा। इस प्रदर्शनी में सोमनाथ मंदिर के इतिहास, सदियों के संघर्ष, विध्वंस और पुनर्निर्माण की गाथा को प्रस्तुत किया गया है। साथ ही सोमनाथ संग्रहालय का भ्रमण कर श्रद्धालु वहां संरक्षित ऐतिहासिक वस्तुओं और सांस्कृतिक धरोहरों से परिचित होंगे।

संस्कृति मंत्रालय की इस पहल का उद्देश्य देश की साझा सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से विभिन्न राज्यों और समुदायों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, विविधता में एकता तथा राष्ट्रीय एकीकरण की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

राज्य संस्कृति विभाग के अनुसार, सिक्किम का प्रतिनिधिमंडल इस यात्रा के माध्यम से राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता का परिचय कराएगा और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों के श्रद्धालुओं के साथ सोमनाथ स्वाभिमान पर्व की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों में सहभागी बनेगा।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics