गेजिंग : 36वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), गेजिंग का स्थापना दिवस समारोह शनिवार को वाहिनी मुख्यालय में उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कमांडेंट संजीव कुमार ने किया, जबकि समारोह की अध्यक्षता एसएसबी सेक्टर मुख्यालय, गंगटोक के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) ए हेमचंद्र ने की।
इस अवसर पर वाहिनी के अधिकारियों और जवानों की ओर से विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। गीत, संगीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों ने अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों और जवानों को मुख्य अतिथि ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कमांडेंट संजीव कुमार ने सभी अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी से अनुशासन, समर्पण, प्रतिबद्धता और टीम भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। वहीं, डीआईजी ए हेमचंद्र ने जवानों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्र सेवा के प्रति इसी तरह समर्पित रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
समारोह में एसएसपी गेजिंग पारू रुचाल, एसडीएम गेजिंग भवेश ख्यालिया (आईएएस), 69वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट चिरंजीब भट्टाचार्य, एसआईबी के संयुक्त निदेशक अमरजीत सिन्हा तथा खेल एवं युवा मामलों की अतिरिक्त निदेशक निकजेय लामू भूटिया समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह का समापन अधिकारियों, जवानों और अतिथियों के लिए आयोजित ‘बड़ा खाना’ के साथ हुआ। इस दौरान आपसी भाईचारे, सौहार्द और उत्साह का माहौल देखने को मिला। अंत में 36वीं वाहिनी के सेकेंड-इन-कमांड जितेंद्र जोशी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों और जवानों के प्रति आभार व्यक्त किया।
No Comments: