राष्ट्रीय मंच पर नवाचार का प्रदर्शन करेंगे सिक्किम के 10 युवा वैज्ञानिक

गंगटोक : सिक्किम के 10 विद्यार्थी इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के तहत आयोजित 12वीं राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी सह परियोजना प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। यह तीन दिवसीय कार्यक्रम 12 से 14 अक्तूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।

भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से एनआईएफ के सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी के माध्यम से युवाओ को अपने विचारों, रचनात्मकता और वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। इसमें सिक्किम के विद्यार्थियों की भागीदारी राज्य में स्कूली बच्चों के बीच वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में सिक्किम के 10 युवा वैज्ञानिक अपनी नवाचारी परियोजनाओं का प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके साथ ही वे राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित मंच पर राज्य का प्रतिनिधित्व भी कर रहे हैं। कार्यक्रम का समन्वय सिक्किम राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद की प्रधान निदेशक सह इंस्पायर राज्य नोडल अधिकारी डॉ सुमन थापा कर रही हैं। इस कार्य में परिषद के सहायक वैज्ञानिक अधिकारी एवं इंस्पायर राज्य समन्वयक नवीन शर्मा भी सहयोग कर रहे हैं। विद्यार्थियों के साथ शिक्षा विभाग की ओर से दो अनुरक्षक शिक्षक भी गए हैं।

इनमें डिकलिंग वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की रसायन विज्ञान की स्नातक प्रशिक्षित शिक्षिका एवं राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्तकर्ता सुश्री सुषमा तमांग तथा उत्तराय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के गणित के स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक हरि प्रसाद आचार्य शामिल हैं। इस कार्यक्रम का समापन 14 अक्तूबर 2026 को होगा। समापन समारोह नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित किया जाएगा। इसमें भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का समन्वय सिक्किम राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद की ओर से सिक्किम सरकार के शिक्षा विभाग के सहयोग से किया जा रहा है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics