बंगाल में फिर से हो मतदाता सूची का पुनरीक्षण : समिक भट्टाचार्य

91 लाख नाम हटने के बाद भी प्रक्रिया अधूरी

कोलकाता । पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सियासत तेज हो गई है। राज्य भाजपा अध्यक्ष और सांसद समिक भट्टाचार्य ने शनिवार को बंगाल में दोबारा एसआईआर कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले हुई यह प्रक्रिया अधूरी थी और इसे फिर से कराया जाना चाहिए।

कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर संविदा कर्मचारियों की ट्रेड यूनियन की शुरुआती बैठक में भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा की ओर से वह राज्य में नए सिरे से एसआईआर कराने की मांग कर रहे हैं।

समिक भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि एसआईआर के दौरान ब्लॉक विकास अधिकारियों से लेकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तक को डराया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं को भी धमकाया गया। उनका दावा है कि अगर ऐसा नहीं होता तो मतदाता सूची से और भी ज्यादा फर्जी नाम हटाए जा सकते थे। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में एसआईआर के दौरान करीब 91 लाख नाम मतदाता सूची से हटाए गए थे। भट्टाचार्य ने 20 लाख से अधिक फर्जी स्वास्थ्य साथी कार्ड मिलने का दावा भी किया। उनके मुताबिक, यह आंकड़ा बड़े स्तर पर नाम हटाने की प्रक्रिया को सही साबित करता है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की विपक्ष की मांग पर भी भट्टाचार्य ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में ज्ञानेश कुमार की पूजा की जा रही है। उनके मुताबिक, राज्य में पिछले 70 वर्षों में पहली बार इतना शांतिपूर्ण और बिना हिंसा वाला चुनाव हुआ है। भट्टाचार्य ने चुनाव आयुक्त के काम की तारीफ करते हुए उन्हें पद्म भूषण देने की मांग भी की।

भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस पर भी तीखे हमले किए। उन्होंने कांग्रेस को ‘परजीवी राजनीतिक पार्टी’ बताया और कहा कि कभी महात्मा गांधी, सरदार पटेल और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे नेता इस पार्टी से जुड़े थे, लेकिन अब उसे राजनीतिक रूप से प्रासंगिक बने रहने के लिए क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन करना पड़ रहा है।

उन्होंने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस अब राज्य में राजनीतिक ताकत नहीं रह गई है। भट्टाचार्य ने कहा कि पार्टी तीन गुटों में बंट चुकी है- ममता तृणमूल कांग्रेस, डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस और एनसीपीआई ।

समिक भट्टाचार्य ने बिना नाम लिए राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने बिहार में एक तालाब में मछुआरों के साथ मछली पकड़ने की गतिविधि में शामिल होने की घटना का जिक्र किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वहां के लोगों ने भी उस नेता को नकार दिया।

भट्टाचार्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि भारत ने अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। उन्होंने 2014 में भारत के ‘फ्रैजाइल फाइव’ अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने का जिक्र करते हुए मौजूदा स्थिति को बेहतर बताया।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics