पीएम मोदी जल्द करेंगे ऑस्ट्रेलिया दौरा, क्वाड बैठक के बीच बड़ा ऐलान

नई दिल्ली । क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक के बीच ऑस्ट्रेलिया ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेंगे। ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने पीएम मोदी के निकट भविष्य में ऑस्ट्रेलिया आने की घोषणा की है। इस बयान को भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों में बढ़ती रणनीतिक साझेदारी के तौर पर देखा जा रहा है।

पेनी वोंग ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के रिश्ते सिर्फ कूटनीति तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों के बीच रणनीतिक भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत ऑस्ट्रेलिया का एक अहम आर्थिक साझेदार है और दोनों देश व्यापार, तकनीक और सप्लाई चेन जैसे क्षेत्रों में तेजी से सहयोग बढ़ा रहे हैं। वोंग ने भारतीय समुदाय को भी ऑस्ट्रेलिया की ताकत बताते हुए कहा कि भारतीय डायस्पोरा ऑस्ट्रेलियाई समाज का बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा है।

दिल्ली में हुई क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया ने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में समुद्री सुरक्षा, ऊर्जा सुरक्षा, क्रिटिकल टेक्नोलॉजी, सप्लाई चेन और मानवीय सहायता जैसे मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। नेताओं ने साफ किया कि इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सुरक्षित और निर्बाध समुद्री व्यापार उनकी प्राथमिकता है।

विदेश मंत्री एस.जयशंकर ने बैठक को बेहद उपयोगी बताते हुए कहा कि क्वाड देशों ने समुद्री मार्गों की सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित करने पर गंभीर चर्चा की। वहीं अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के लिए नई समुद्री निगरानी पहल की घोषणा की, जिससे क्वाड देशों के बीच रियल-टाइम सूचना शेयर करने की क्षमता और मजबूत होगी।

बैठक में क्वाड देशों ने इंडो-पैसिफिक ऊर्जा सुरक्षा पहल का भी ऐलान किया। इसका मकसद क्षेत्र में ईंधन सप्लाई चेन को मजबूत करना और भविष्य के संकटों से निपटने की तैयारी करना है। अमेरिका इस साल क्वाड फ्यूल सिक्योरिटी फोरम की मेजबानी करेगा। माना जा रहा है कि पीएम मोदी का संभावित ऑस्ट्रेलिया दौरा इन रणनीतिक योजनाओं को नई गति दे सकता है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics