नई दिल्ली । कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने पार्टी नेतृत्व को संकेत दिया है कि अगर राहुल गांधी उनसे पद छोड़ने के लिए कहते हैं तो वह इस्तीफा देने को तैयार हैं।
कांग्रेस आलाकमान फिलहाल किसी बड़े फैसले में जल्दबाजी के मूड में नहीं दिख रहा। पार्टी के भीतर यह चिंता भी है कि यदि सिद्धारमैया को हटाया गया तो राज्य में ओबीसी समुदाय के बीच गलत संदेश जा सकता है। सिद्धारमैया लंबे समय से कर्नाटक की राजनीति में एक बड़े ओबीसी चेहरे के तौर पर देखे जाते हैं और उनका सामाजिक आधार काफी मजबूत माना जाता है।
दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल और रणदीप सुरजेवाला के साथ हुई बैठक के बाद नेतृत्व बदलाव की चर्चाएं और तेज हो गईं। बैठक के दौरान सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार को लंबे समय तक बाहर इंतजार करना पड़ा, जिसने राजनीतिक संकेतों को लेकर अटकलों को और बढ़ा दिया।
हालांकि कांग्रेस की ओर से आधिकारिक तौर पर कहा गया है कि बैठक केवल राज्यसभा और विधान परिषद चुनाव की रणनीति पर केंद्रित थी और मुख्यमंत्री बदलने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। बावजूद इसके, पार्टी के अंदर सत्ता संतुलन, क्षेत्रीय समीकरण और सामाजिक संदेश को लेकर मंथन जारी रहने की चर्चा है।
दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ हुई बैठक में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला और केसी वेणुगोपाल शामिल रहे।
No Comments: