PM मोदी-ट्रंप की 40 मिनट की बातचीत, होर्मुज और पश्चिम एशिया पर चर्चा

नई दिल्ली । भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच 40 मिनट तक फोन पर बातचीत हुई। इस साल दोनों नेताओं के बीच यह तीसरी फोन कॉल थी। इससे पहले मार्च के अंत में पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। दोनों नेताओं ने होर्मुज के बंद होने पर चिंता जताई थी। इस वार्ता के बाद पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा था कि मुझे राष्ट्रपति ट्रंप का फोन आया और पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा हुई। भारत तनाव कम करने और जल्द से जल्द शांति बहाल करने का समर्थन करता है। होर्मुज का खुला, सुरक्षित और सुलभ रहना पूरी दुनिया के लिए आवश्यक है। हमने शांति और स्थिरता के प्रयासों के संबंध में संपर्क में रहने पर सहमति जताई।

पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि मुझे मेरे मित्र अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप का फोन आया। हमने विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में हुई महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा की। हम सभी क्षेत्रों में अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमने पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा की और होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला और सुरक्षित बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया।

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने पीएम मोदी के एक्स वाले पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अंग्रेजी में लिखा कि यह बातचीत बहुत ही सकारात्मक और सार्थक रही।

बता दें, हाल ही में ईरान-यूएस के बीच इस्लामाबाद में स्थाई शांति को लेकर की चर्चा बेनतीजा रही थी। इसके बाद से ही अमेरिकी राष्ट्रपति ने होर्मुज स्ट्रेट में नाकेबंदी की बात कही। होर्मुज पर ईरान की दावेदारी और अमेरिकी की कथित नाकेबंदी के बीच दुनिया इस मुद्दे को लेकर गंभीर है।

वहीं, आज फ्रांस-यूके ने जल्द ऑनलाइन बैठक का आयोजन करने की भी घोषणा की थी। इस बैठक में होर्मुज का रास्ता सुगम बनाने को लेकर मंत्रणा होगी। वर्चुअल बैठक इस महीने की शुरुआत में यूनाइटेड किंगडम की अगुवाई में 40 से अधिक देशों के मंत्रियों की हुई बैठक का अगला चरण मानी जा रही है। उस बैठक में उस अहम समुद्री चोकपॉइंट पर चर्चा हुई थी, जहां हजारों जहाज और उनके चालक दल फंसे हुए हैं।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics