‘गारंटी’ के सहारे बंगाल में खोई जमीन तलाशने उतरी कांग्रेस

राहुल गांधी ने टीएमसी और वाम दलों पर साधा निशाना

कोलकाता । पश्चिम बंगाल में चुनावी बिगुल बज चुका है और इसी बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राज्य के लिए अपना ‘रोडमैप’ पेश कर दिया है। राहुल गांधी ने बंगाल की जनता के लिए 5 बड़ी घोषणाएं की हैं। इसे राहुल गांधी ने कांग्रेस की ‘गारंटी’ बताया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट के जरिए उन्होंने साफ कर दिया कि कांग्रेस इस बार बंगाल में स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर चुनाव लड़ने जा रही है।

राहुल गांधी ने बंगाल की जनता से वादा किया है कि अगर कांग्रेस सत्ता में आती है, तो हर परिवार को ₹10 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा। साथ ही, जिला अस्पतालों में डायलिसिस और कैंसर का इलाज पूरी तरह मुफ्त होगा।

इतना ही नहीं, स्नातक तक सभी छात्रों के लिए पढ़ाई मुफ्त होगी। महिलाओं के लिए यह सुविधा स्नातकोत्तर (पीजी) तक रहेगी। साथ ही, स्कूलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और अंग्रेजी शिक्षा पर जोर दिया जाएगा।

राहुल गांधी ने किसानों को सालाना ₹15,000 की आर्थिक सहायता और हर घर को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा भी किया है। राहुल गांधी ने दावा किया कि सरकारी विभागों में खाली पड़े सभी पदों को भरा जाएगा। युवाओं के लिए इंटर्नशिप और जिला स्तर पर एआई स्किल डेवलपमेंट सेंटर खोले जाएंगे। इतना ही नहीं, महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए उन्हें हर महीने ₹2,000 की नकद सहायता दी जाएगी।

रायगंज में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने केवल वादे ही नहीं किए, बल्कि सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और वामपंथियों पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कभी बंगाल उद्योगों का केंद्र हुआ करता था, लेकिन पहले कम्युनिस्टों और अब ममता बनर्जी की सरकार ने बंगाल के औद्योगिक ढांचे को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है।

उन्होंने शारदा और रोज वैली जैसे चिट फंड घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि लाखों निवेशकों का पैसा आज भी फंसा हुआ है और भ्रष्टाचार की रेस में टीएमसी किसी से पीछे नहीं है।

इस बार रायगंज सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। कांग्रेस ने यहां से मोहित सेनगुप्ता को मैदान में उतारा है। उनके सामने टीएमसी के कृष्ण कल्याणी हैं, जो 2021 में भाजपा के टिकट पर जीते थे और बाद में पाला बदलकर टीएमसी में शामिल हो गए। वहीं, भाजपा ने इस सीट को वापस पाने के लिए कौशिक चौधरी पर दांव लगाया है। 2021 के चुनावों में खाता भी न खोल पाने वाली कांग्रेस इस बार इन 5 गारंटी के सहारे अपनी खोई हुई जमीन तलाश रही है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics