पर्यटन विकास के लिए मजबूत कनेक्टिविटी और क्षेत्रीय साझेदारी जरूरी : प्रेम सिंह तमांग

'एनएच-10 को हर मौसम में सुगम बनाने की जरूरत'

गंगटोक : सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने अरुणाचल प्रदेश के तवांग में आयोजित 14वें अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मार्ट (आईटीएम) 2026 के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए पूर्वोत्तर भारत की अपार पर्यटन संभावनाओं को रेखांकित किया। उन्होंने क्षेत्र में सतत एवं जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने, बेहतर संपर्क व्यवस्था विकसित करने, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार एवं आजीविका के अवसर सृजित करने पर विशेष जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण आयोजन में आमंत्रित करने और आत्मीय स्वागत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू तथा केंद्र और अरुणाचल प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने तवांग को गहरी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत वाली भूमि बताते हुए सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के बीच ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दोनों हिमालयी राज्यों की साझा विरासत, प्राचीन मठ, समृद्ध जैव विविधता और अतिथि सत्कार की परंपरा पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र की विशिष्ट पहचान को दर्शाती है। उन्होंने पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्यों से पर्यटन विकास के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और पारंपरिक आतिथ्य सत्कार को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के लिए राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, मजबूत बुनियादी ढांचे और सुगम कनेक्टिविटी की आवश्यकता है। उन्होंने पर्यटन विकास को स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और आजीविका के स्थायी अवसरों से जोडऩे पर भी बल दिया।

वहीं, सिक्किम में पर्यटन क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार की पहलों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने मेगा होमस्टे योजना, ऑफबीट पर्यटन स्थलों के प्रोत्साहन और विश्वस्तरीय पर्यटन अवसंरचना के विकास की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन पहलों का उद्देश्य राज्य के पर्यटन आकर्षण को बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय समुदायों की आर्थिक भागीदारी सुनिश्चित करना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग-10 के महत्व को रेखांकित करते हुए इसे हर मौसम में आवागमन योग्य बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एनएच-10 सिक्किम की जीवनरेखा है और राज्य की कनेक्टिविटी, आर्थिक गतिविधियों तथा समग्र विकास के लिए इसका सुदृढ़ीकरण अत्यंत आवश्यक है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बुनियादी ढांचे, संपर्क व्यवस्था, पर्यटन और समावेशी विकास के क्षेत्रों में पूर्वोत्तर को नई प्राथमिकता मिली है। उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘अष्टलक्ष्मी’ विजन को पूर्वोत्तर के आठों राज्यों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से इस क्षेत्र को विश्व के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों में स्थापित किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने कहा कि केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग, पूर्वोत्तर राज्यों के बीच मजबूत साझेदारी और स्थानीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी से क्षेत्र की पर्यटन क्षमता का पूरा लाभ उठाया जा सकता है। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और राज्य सरकार को इस प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी के लिए बधाई देते हुए 14वें अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मार्ट की सफलता की कामना की। साथ ही सिक्किम की जनता और राज्य सरकार की ओर से अरुणाचल प्रदेश के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए दोनों हिमालयी राज्यों के बीच मित्रता एवं सहयोग को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

इस तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मार्ट में सिक्किम का एक प्रतिनिधिमंडल भी शामिल हुआ। प्रतिनिधिमंडल में पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री छिरिंग टी. भूटिया, अध्यक्ष सोनम नॉरगे लाचुंगपा, सचिव होंडाला ग्याल्छेन, संयुक्त निदेशक लामिन थींग, उपनिदेशक यामिनी प्रधान तथा विभाग की एचए छेरिंग ओंगमु भूटिया शामिल रहीं। इसके अतिरिक्त सिक्किम के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न हितधारकों, जिनमें टीएएएस,आस्था और समिट ग्रुप ऑफ होटल्स के प्रतिनिधि शामिल थे, ने भी आयोजन में भाग लिया।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के मार्गदर्शन में तथा अरुणाचल प्रदेश सरकार की मेजबानी में 14वां अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मार्ट 29 से 31 अक्टूबर 2026 तक तवांग में आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पूर्वोत्तर भारत के पर्यटन उत्पादों, सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक आकर्षणों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजार में व्यापक पहचान दिलाना है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics