मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने भरा एसआईआर फॉर्म, नागरिकों से की भागीदारी की अपील

गंगटोक : सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने सोमवार को अपने गृह जिले सोरेंग में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत अपना गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) जमा किया। इस दौरान उन्होंने राज्य के सभी पात्र नागरिकों से निर्धारित समयसीमा के भीतर इस प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने ब्लॉक स्तरीय पर्यवेक्षक जस बहादुर तमांग तथा बूथ स्तरीय अधिकारियों सेमी हांग लिम्बू और डीप्सन तमांग की उपस्थिति में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं। सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने चुनाव अधिकारियों की मौजूदगी में सफलतापूर्वक अपना एसआईआर फॉर्म जमा कर दिया है। उन्होंने मतदाता सूची में नामांकन और सत्यापन के लिए पात्र लोगों से समय पर अपने फॉर्म जमा करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में भागीदारी से मतदाता अभिलेखों की शुद्धता सुनिश्चित होती है तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक मजबूत बनती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों का सहयोग लोकतांत्रिक प्रणाली को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उल्लेखनीय है कि मतदाता अभिलेखों के अद्यतन और सत्यापन के उद्देश्य से राज्यभर में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने इसके सफल क्रियान्वयन के लिए सभी नागरिकों से सहयोग करने की अपील की है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics