भाषा और साहित्य हमारी सांस्कृतिक पहचान की आधारशिला: इंद्र हांग सुब्बा

इंजीनियरिंग कॉम्प्लेक्स हॉल में भानु जयंती समारोह का हुआ शुभारंभ

सोरेंग : सिक्किम के लोकसभा सांसद इंद्र हांग सुब्बा ने आज स्थानीय डाक बंगला स्थित इंजीनियरिंग कॉम्प्लेक्स हॉल में 212वें राष्ट्रीय स्तरीय भानु जयंती समारोह का उद्घाटन किया। “भाषा साहित्य विकास एवं जातीय सद्भावना” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में सांसद सुब्बा ने सांस्कृतिक पहचान बनाए रखने में भाषा और साहित्य के महत्व पर प्रकाश डाला।

सांसद सुब्‍बा ने इस बात पर जोर दिया कि क्षेत्रीय भाषाओं की रक्षा करना एक सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी है। वहीं, समावेशी विकास और प्रभावी नीति-निर्माण की आवश्यकता पर जोर देते हुए उन्होंने महिलाओं के समान प्रतिनिधित्व के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने भाषा और साहित्य के विकास और प्रचार-प्रसार में संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका का भी उल्लेख किया और स्कूल प्रमुखों से छात्रों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग को ऐसे बुनियादी ढांचे के विकास के लिए धन्यवाद दिया, जिसने सोरेंग जिले में इतने महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के आयोजन को संभव बनाया है।

कार्यक्रम में आईटीएस उपाध्यक्ष सीपी शर्मा ने राष्ट्रीय और राज्य-स्तरीय कार्यक्रमों को शहरी केंद्रों से आगे ग्रामीण इलाकों तक ले जाने के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के विजन पर प्रकाश डाला। उन्होंने समारोह की प्रमुख गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की, जिनमें अंतर-विश्वविद्यालय वाद-विवाद प्रतियोगिता, अंतर-निर्वाचन क्षेत्र रामायण पाठ, देश भर के साहित्यिक संगठनों का सम्मान, कविता पाठ प्रतियोगिताएं, सिक्किम, दार्जिलिंग और कर्सियांग की साहित्यिक हस्तियों पर आधारित पोर्ट्रेट कला प्रतियोगिताएं और विभिन्न कंटेंट निर्माण पहल शामिल हैं।

वहीं, सोरेंग डीसी और भानु जयंती समारोह समिति के अध्यक्ष धीरज सुबेदी ने कार्यक्रम की अवधारणा पर संक्षेप में प्रकाश डाला। इसके अलावा, कार्यक्रम में 17 जून से 26 जून चलाये जा रहे ‘नशा मुक्त भारत सप्ताह 2026’ के तहत एक शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया जिसमें प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से शपथ ली। उद्घाटन कार्यक्रम से पहले मुख्य अतिथि डॉ इंद्र हांग सुब्बा और अन्य गणमान्य अतिथियों ने वन विभाग की प्रमुख योजना “मेरो रूख मेरो संतति” में हिस्सा लिया। इस दौरान डॉ सुब्बा ने रोडोडेंड्रोन का पौधा रोपा। इसके बाद उन्होंने “सिक्किम शिशु समृद्धि योजना” के लाभार्थियों को पासबुक वितरित की।

कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में सुखिम डांस अकादमी और प्रणिता छेत्री की प्रस्तुतियों ने समारोह में रंगारंग माहौल बना दिया। वहीं अंतर-विश्वविद्यालय वाद-विवाद प्रतियोगिता में कर्सियांग कॉलेज और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें कर्सियांग कॉलेज ने 347 अंक प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि बनारस हिंदू विश्वविद्यालय को 289 अंक मिले। इस मुकाबले में कार्सियांग कॉलेज की अमीषा लामा को सर्वश्रेष्ठ वक्ता चुना गया। दूसरे मुकाबले में सिक्किम विश्वविद्यालय ने 386 अंक प्राप्त कर दार्जिलिंग गवर्नमेंट कॉलेज को हराया, जिसे 287 अंक मिले।

इस अवसर पर आयोजन समिति की ओर से मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। साथ ही सोरेंग जिले के बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया और प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों को भी स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में सोरेंग-चाखुंग के विधायक आदित्य गोले, सोरेंग जिला उपाध्यक्ष सीबी कामी, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सदस्यगण, विभिन्न सलाहकार एवं चेयरपर्सन, एसपी नहकुल प्रधान, एडीसी डीआर बिष्ट, एडीसी (विकास) ओंगदी शेरपा, सेवानिवृत्त एडीसी संतोष कुमार आले के साथ कई विभागीय अधिकारी एवं अन्य उपस्थित रहे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics