शिवहर । बिहार के शिवहर में प्रखंड प्रमुख के भाई और कारोबारी की हत्या कर दी गई। पुरनहिया थाना क्षेत्र के बसंतपट्टी चौक के पास अज्ञात बदमाशों ने एक बड़े हार्डवेयर व्यवसायी की सरेआम हत्या कर दी। मृतक की पहचान बखार चंडीहा गांव निवासी समोद साह के रूप में हुई है, जो स्थानीय प्रखंड प्रमुख प्रमोद साह के छोटे भाई थे। अपराधियों ने इस वारदात को उस समय अंजाम दिया जब समोद अपनी दुकान बढ़ाकर घर लौट रहे थे। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है, वहीं पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है ।
समोद साह की बसंतपट्टी बाजार चौक पर हार्डवेयर और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान है। रोजाना की तरह मंगलवार शाम को भी वे अपनी दुकान बंद करके मोटरसाइकिल से अपने गांव बखार चंडीहा लौट रहे थे। इसी बीच, बसंतपट्टी बाजार और चंडीहा के बीच एक सुनसान रास्ते पर पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला करने के बाद अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। अब बिहार पुलिस सुराग तलाश रही है।
अपराधियों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए समोद साह पर धारदार चाकू से कई वार किए। इसके बाद बदमाशों ने उन्हें बेहद करीब से कमर और बांह के पास दो गोलियां मार दीं। गोली लगने और चाकू के वार से समोद लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने समोद को सड़क पर तड़पता देख तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। उन्हें गंभीर स्थिति में इलाज के लिए तत्काल सीतामढ़ी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शिवहर के एसडीपीओ अनुशील कुमार ने बताया कि व्यवसायी की गोली मारकर हत्या की गई है। पुलिस लूटपाट समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर बारीकी से छानबीन कर रही है। अपराधियों की पहचान और जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए संबंधित थानों को सख्त निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
No Comments: