पटना । बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कल कैबिनेट की एक अहम बैठक बुलाई है। मुख्य सचिवालय के कैबिनेट हॉल में शाम 5 बजे से शुरू होने वाली इस बैठक को लेकर मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की ओर से आधिकारिक पत्र जारी कर दिया गया है। 15 अप्रैल को सत्ता संभालने के बाद सम्राट चौधरी सरकार की ये पांचवीं कैबिनेट मीटिंग होगी। दिलचस्प बात ये है कि जहां पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आमतौर पर मंगलवार को कैबिनेट की बैठक करते थे, वहीं सम्राट चौधरी ने बुधवार का दिन चुना है। इस बैठक में रोजगार और विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण नीतिगत फैसलों पर मुहर लगने की पूरी संभावना है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में होने वाली इस प्रस्तावित बैठक को लेकर प्रशासनिक तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। मंत्रिमंडल सचिवालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के तहत सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने महत्वपूर्ण प्रस्तावों और एजेंडों की फाइलें समय से तैयार करने का निर्देश दिया गया है, ताकि बैठक में उन पर चर्चा कर अंतिम निर्णय लिया जा सके।
इससे पिछले सप्ताह आयोजित हुई चौथी कैबिनेट की बैठक में सरकार ने आम जनता और सरकारी कर्मियों के हित में कई बड़े कदम उठाए थे।
साथ ही पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक व्हीकल खरीदने पर प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की गई थी। जिसके तहत चार पहिया इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर महिलाओं को 1 लाख तक की विशेष छूट का प्रावधान किया गया।
15 अप्रैल को बिहार में नई सरकार के गठन के बाद से सम्राट चौधरी का वर्किंग स्टाइल चर्चा में है। ये उनके कार्यकाल की पांचवीं कैबिनेट बैठक है। सरकार ने अपने काम करने के तरीकों में एक बड़ा बदलाव किया है। अब कैबिनेट की बैठकें नीतीश कुमार के पुराने ‘मंगलवार’ वाले फॉर्मूले के बजाय हर हफ्ते ‘बुधवार’ को आयोजित की जा रही हैं, जो शासन की नई प्राथमिकताओं को दिखाता है।
आज होने वाली बैठक पर राज्य के बेरोजगार युवाओं की विशेष नजर रहने वाली है। सम्राट चौधरी की सरकार ने आगामी 5 वर्षों के भीतर बिहार में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का बड़ा चुनावी वादा किया है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि 20 मई को होने वाली इस बैठक में रोजगार सृजन और नए पदों की बहाली को लेकर कोई बड़ा और सकारात्मक फैसला सामने आ सकता है।
No Comments: