गोपालगंज । गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र के थावे-बंजारी बाईपास पर शनिवार तड़के पुलिस और एक कुख्यात अपराधी के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में चलाई गई गोली बदमाश के दोनों पैरों में लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए स्थानीय सदर अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है। पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी कट्टा भी बरामद किया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, घायल अपराधी की पहचान थावे थाना क्षेत्र के बढ़ईहाता गांव निवासी आकाश सिंह के रूप में हुई है। आकाश सिंह इलाके का एक शातिर और कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी तथा आर्म्स एक्ट सहित करीब 12 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ थावे, नगर तथा कुचायकोट थानों में कई संगीन मुकदमे लंबे समय से लंबित हैं। इसमें एक पूर्व मुखिया पर फायरिंग करने और उनसे मोटी रंगदारी मांगने का भी एक हाई-प्रोफाइल मामला शामिल है।
घटनाक्रम की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम ने शुक्रवार की देर रात आकाश सिंह को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद नगर थाने में उससे कड़ी पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने कबूल किया कि उसने थावे-बंजारी बाईपास के पास हथियार छिपाकर रखे हैं। शनिवार तड़के पुलिस टीम आकाश सिंह को साथ लेकर हथियार बरामद करने के लिए बताए गए स्थान पर पहुंची। जैसे ही पुलिस उसे लेकर झाड़ियों के पास गई, आकाश सिंह ने अचानक वहां छिपे हथियार को निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग झोंक दी और अंधेरे का फायदा उठाकर भागने का प्रयास करने लगा।
अचानक हुई इस फायरिंग से पुलिस टीम बाल-बाल बची। इसके बाद पुलिस ने त्वरित सूझबूझ दिखाते हुए आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में दो गोलियां आकाश सिंह के दोनों पैरों में जा लगीं, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे अपनी कस्टडी में लिया और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
एनकाउंटर की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ चंदन कुमार तुरंत सदर अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से मामले के संबंध में पूछताछ की। पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि आरोपी के कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया है। इस पूरे सफल अभियान में नगर थाना प्रभारी प्रवीण प्रभाकर, थावे थाना प्रभारी विभा कुमारी तथा डीआईयू की टीम की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है।
No Comments: