राबड़ी आवास पर सरकार का नोटिस, राजद का तीखा पलटवार

पटना । बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को सरकारी आवास खाली करने का नोटिस जारी किया गया है। भवन निर्माण विभाग ने उन्हें पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड आवास तत्काल खाली करने को कहा है। विभाग की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि यह आवास अब मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित कर दिया गया है।

भवन निर्माण विभाग के अनुसार, विभागीय आदेश संख्या-122 दिनांक 25 नवंबर 2025 के तहत नेता प्रतिपक्ष के लिए 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास आवंटित किया गया था।

यह आवास राबड़ी देवी के नाम पहले ही जारी किया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक उन्होंने पूर्व से आवंटित 10 सर्कुलर रोड आवास खाली नहीं किया है।

विभाग ने अपने पत्र में बताया है कि 27 मई 2026 को जारी ज्ञापांक-4738(भ) के तहत 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित किया गया है।

संयुक्त सचिव-सह-भू संपदा पदाधिकारी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि राबड़ी देवी 39 हार्डिंग रोड स्थित नए आवास का अधिग्रहण करें और 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास तत्काल खाली करें। पत्र में यह भी लिखा गया है कि इस प्रस्ताव को सक्षम प्राधिकार की मंजूरी प्राप्त है।

राबड़ी आवास खाली करने के नोटिस पर राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा, आवंटन किए हुए लगभग 20 साल से ज्यदा हो गया, लेकिन अब किसी अन्य के नाम से आवंटन किया गया है। सवाल ये उठता है कि ऐसे कौन सी परिस्थिति आ गई। विधान परिषद में राबड़ी देवी जब खुद नेता प्रतिपक्ष है। 2..2 पूर्व सीएम 10 सर्कुलर रोड आवास में रहते हैं। सत्ता की हनक दिखाना चाहते हैं सत्ता पक्ष के लोग।

शक्ति सिंह यादव ने कहा, राबड़ी देवी और राजद को अपमानित करने के लिए किसी को आवंटित किया गया है। ये ओछी राजनीति है, घृणित राजनीति है। सत्ता का आना जाना लगा रहता है। ये लोग राबड़ी देवी को आप अपमानित करना चाहते हैं। अब तो कोई दरवाजा भी खटखटाया नहीं जा सकता, क्योंकि अब इंसाफ मिलता नहीं है।

वहीं, बिहार सरकार की मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि 10 सर्कुलर रोड बिहार सरकार के मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित किया गया है, इसलिए विभाग ने राबड़ी देवी को फिर से नोटिस जारी किया है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics