आधे रास्ते से लौट गई दरभंगा की फ्लाइट, यात्रियों का फूटा गुस्सा

दरभंगा । खराब मौसम के कारण शुक्रवार को दरभंगा एयरपोर्ट पर विमान परिचालन प्रभावित रहा। कोलकाता से दरभंगा आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6ई 7234 को आधे रास्ते से ही डायवर्ट कर वापस कोलकाता भेज दिया गया। बाद में यात्रियों को कोलकाता एयरपोर्ट पर उतारकर फ्लाइट रद्द करने की घोषणा कर दी गई। अचानक फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने जमकर हंगामा किया।

फ्लाइट रद्द होने की जानकारी मिलते ही यात्रियों ने एयरपोर्ट पर विरोध जताना शुरू कर दिया। यात्रियों का कहना था कि अगर एयरलाइन कंपनी पहले ही फ्लाइट रद्द होने की सूचना दे देती, तो उन्हें इतनी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। इधर, दरभंगा से यात्रा करने पहुंचे यात्रियों ने भी एयरपोर्ट पर नाराजगी जताई और हंगामा किया। बाद में एयरपोर्ट और एयरलाइन कंपनी के अधिकारियों ने समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया और वापस भेजा।

दरभंगा एयरपोर्ट पर शुक्रवार को दिल्ली और मुंबई से आने वाली कुछ फ्लाइट्स भी अपने तय समय से प्रभावित रहीं। खराब मौसम के कारण कई विमान देरी से पहुंचे और देरी से ही रवाना हुए। दरभंगा एयरपोर्ट से शुक्रवार को दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु के बीच कुल 12 विमानों का परिचालन हुआ।

दिल्ली से आने वाली आकासा एयर की फ्लाइट क्यूपी 1405 अपने निर्धारित समय से 5 मिनट देरी से दरभंगा एयरपोर्ट पहुंची। वहीं बेंगलुरु से आने वाली आकासा एयर की फ्लाइट क्यूपी 1513 अपने तय समय 12:15 बजे से 25 मिनट देर से लैंड कर सकी।

मुंबई से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई 535 अपने निर्धारित समय से 8 मिनट देर से पहुंची। वहीं मुंबई से आने वाली आकासा एयर की फ्लाइट क्यूपी 1139 अपने तय समय 1:05 बजे से 28 मिनट देरी से दरभंगा एयरपोर्ट पर उतरी। हैदराबाद से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई 537 भी अपने निर्धारित समय से 8 मिनट देरी से पहुंची। इसके अलावा दिल्ली से दरभंगा आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई 360 अपने तय समय दोपहर 3 बजे की जगह 38 मिनट देर से यात्रियों को लेकर दरभंगा एयरपोर्ट पहुंची।

दरभंगा में लगातार खराब मौसम और बारिश की वजह से शुक्रवार को विमान परिचालन पर असर देखने को मिला। लगभग सभी विमान निर्धारित समय से देरी से पहुंचे और देरी से ही रवाना हुए। यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा, जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics