पटना में ‘नारी शक्ति रन’ का आयोजन, सम्राट चौधरी ने दिखाई हरी झंडी

पटना । राजधानी पटना में शुक्रवार को ‘नारी शक्ति फॉर विकसित भारत रन’ का भव्य आयोजन जेपी गंगा पथ पर किया गया। इस मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। यह रन जेपी गंगा पथ गोलंबर से शुरू होकर एलसीटी घाट तक आयोजित की गई। सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाएं और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़ी प्रतिभागी इस रन में शामिल होने पहुंचीं। इस आयोजन में महिलाओं ने भी बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया।

इस मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना देश का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए सरकार की प्रतिबद्धता को भी दोहराया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में जन-जागरूकता फैलाना था। इस पहल के जरिए यह संदेश दिया गया कि विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है। समाज में उनकी भूमिका को और मजबूत करने की आवश्यकता है।

आयोजन में बड़ी संख्या में महिला विधायकों की भी उपस्थिति रही। इसके अलावा बिहार सरकार के पूर्व मंत्री रमा निषाद और पटना की मेयर सीता साहू भी इस आयोजन में शामिल हुईं। सभी जनप्रतिनिधियों ने महिलाओं के अधिकारों, सुरक्षा और समान भागीदारी को सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रशासन की ओर से प्रतिभागियों के लिए पानी, मेडिकल सहायता और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics