सम्राट चौधरी ने की जनगणना 2027 की शुरुआत, प्रक्रिया होगी डिजिटल

पटना । बिहार में आज से जनगणना 2027 की शुरुआत हो गई है। राजधानी पटना में जनगणना को लेकर जिला प्रशासन की तैयारी पूरी है। शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री Samrat Choudhary ने भारत की जनगणना-2027 के तहत बिहार में आज से शुरू हो रही स्व-गणना का शुभारम्भ किया।

पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी अन्ने मार्ग पटना पर माउस क्लिक कर भारत की जनगणना-2027 के तहत बिहार में आज से शुरू हो रहे स्व-गणना में अपना पंजीकरण किया।

प्रधान जनगणना अधिकारी-सह-जिलाधिकारी ने साफ कहा कि यह देश का एक बेहद व्यापक और महत्वपूर्ण प्रशासनिक अभियान है, जिसे समयबद्ध, सटीक और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, आप दो में से किसी एक तरीके से अपना फॉर्म भर सकते हैं। पहला स्व-गणना है, जो ऑनलाइन भरी जाएगी। वहीं, दूसरा प्रगणक के माध्यम से फॉर्म भरी जा सकती है।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना हमारे समृद्ध लोकतंत्र को आधार प्रदान करती है। इसके आंकड़े ही देश के विकास की दिशा तय करते हैं और भविष्य की योजनाओं, नीतियों के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। इसलिए इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। इस बार 17 अप्रैल से 1 मई 2026 तक स्व-गणना की सुविधा दी गई है। नागरिक खुद ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। सरकार द्वारा स्व-गणना का पूरा फ्लोचार्ट पब्लिक डोमेन में जारी किया गया है, जिसका पालन कर कोई भी व्यक्ति आसानी से यह प्रक्रिया पूरी कर सकता है। स्व-गणना के बाद 2 मई से 31 मई 2026 के बीच पहला चरण ‘मकान सूचीकरण एवं आवास गणना’ शुरू होगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर विस्तृत जानकारी एकत्र करेंगे, ताकि हर परिवार का सटीक डेटा दर्ज किया जा सके।

यह जनगणना कई मायनों में खास है क्योंकि पहली बार बड़े स्तर पर डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है। प्रगणक विशेष मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए अपने स्मार्टफोन से ही डेटा संग्रह करेंगे। इससे डेटा एंट्री में पारदर्शिता, गति और सटीकता सुनिश्चित होगी।

जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पटना जिले में बड़े पैमाने पर मानवबल तैनात किया गया है। इसके तहत कुल 46 चार्ज जनगणना अधिकारी, 12,071 प्रगणक, 2,031 पर्यवेक्षक, 222 फील्ड ट्रेनर, जिलाधिकारी के अधीन (40 चार्ज) तैनात रहेंगे। इसके तहत 23 प्रखंड, 11 नगर परिषद, 05 नगर पंचायत, 01 छावनी परिषद (दानापुर) में 8,695 प्रगणक, 1468 पर्यवेक्षक, और 164 फील्ड ट्रेनर तैनात किए गए हैं।

जनगणना कार्य की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए पटना में 13 सदस्यीय जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति क्रियाशील है। इसके साथ ही जिला जनगणना कोषांग भी लगातार निगरानी कर रहा है, ताकि हर चरण समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा हो सके।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान प्राप्त सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इसका उपयोग केवल सरकारी योजनाओं और नीतियों के निर्माण में किया जाएगा, किसी भी अन्य उद्देश्य के लिए नहीं।

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों और कर्मियों को भारत सरकार और राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics