सिलीगुड़ी : दुर्गापूजा के उत्सवी माहौल में उत्तर बंगाल और सिक्किम के पर्यटन स्थलों की ओर पर्यटकों की आवाजाही के बीच बागडोगरा एयरपोर्ट पर हवाई यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली।
पूजा के मौसम में देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक पश्चिम बंगाल घूमने आते हैं। ऐसे में उत्तर बंगाल, दार्जिलिंग और सिक्किम जाने वाले पर्यटकों के लिए प्रमुख प्रवेश द्वार माने जाने वाले बागडोगरा एयरपोर्ट पर यात्रियों की आवाजाही में तेजी दर्ज की गई है। एयरपोर्ट के निदेशक नावेद नजीम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, 7 से 22 अक्टूबर के बीच उपलब्ध 15 दिनों के रिकॉर्ड में कुल 1 लाख 55 हजार 951 यात्रियों की आवाजाही हुई।
आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में बागडोगरा एयरपोर्ट पर कुल 1,077 उड़ानों का आवागमन दर्ज किया गया। इनमें 538 आगमन और 539 प्रस्थान उड़ानें शामिल हैं। इस दौरान 85,182 यात्री विभिन्न स्थानों से बागडोगरा पहुंचे, जबकि 70,769 यात्रियों ने यहां से दूसरे गंतव्यों के लिए उड़ान भरी। कुल 21 उड़ानों के रद्द भी हुए हैं।
यात्रियों की संख्या पर नजर डालें, तो 7 अक्टूबर को कुल 9,604 यात्रियों की आवाजाही हुई थी। इसके बाद 11 अक्टूबर को यह संख्या बढक़र 10,519 पहुंच गई। वहीं 14 अक्टूबर को 11,335, 15 अक्टूबर को 12,187 और 16 अक्टूबर को 12,315 यात्रियों ने हवाई सफर किया। 17 अक्टूबर को यात्रियों की संख्या बढक़र 12,738 पहुंच गई।
इस अवधि में सबसे अधिक यात्रियों की आवाजाही 19 अक्टूबर को दर्ज की गई। उस दिन कुल 12,969 यात्रियों ने बागडोगरा एयरपोर्ट का इस्तेमाल किया। इनमें 7,238 आगमन और 5,731 प्रस्थान करने वाले यात्री शामिल थे। उस दिन कुल 84 उड़ानों का आवागमन हुआ। इसके बाद 21 अक्टूबर को 12,090 और 22 अक्टूबर को 12,315 यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई।
उल्लेखनीय है कि दुर्गापूजा के दौरान पश्चिम बंगाल में देश-विदेश के पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। कोलकाता में विश्वप्रसिद्ध दुर्गापूजा उत्सव का आनंद लेने के साथ ही पर्यटक दार्जिलिंग, कालिमपोंग, डुआर्स और सिक्किम जैसे पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी करते हैं। ऐसे में बागडोगरा एयरपोर्ट उत्तर बंगाल और पड़ोसी सिक्किम के पर्यटन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण हवाई संपर्क केंद्र बना हुआ है।
पूजा के दौरान हवाई यात्रियों की बड़ी संख्या पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र के लिए भी सकारात्मक संकेत मानी जा रही है। हालांकि, पिछले वर्ष की समान अवधि के तुलनात्मक आंकड़ों के अभाव में यात्रियों की संख्या में प्रतिशत वृद्धि का आकलन नहीं किया जा सकता। फिर भी उपलब्ध आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि दुर्गापूजा के दौरान बागडोगरा एयरपोर्ट पर हवाई यातायात काफी व्यस्त रहा।
No Comments: