लेगशेप-गेजिंग सड़क की बदहाली पर मंत्री दहाल ने लिया जायजा

गेजिंग : गेजिंग जिले में सड़क एवं पुलों की स्थिति का स्थलीय जायजा लेने के लिए सड़क एवं पुल विभाग के मंत्री एनबी दहाल ने सोमवार को लेगशेप-गेजिंग सड़क मार्ग का निरीक्षण किया। वर्षाकाल के कारण विभिन्न स्थानों पर सड़क पर उत्पन्न समस्याओं, भूस्खलन और सड़क की वर्तमान स्थिति की प्रत्यक्ष जानकारी लेने के उद्देश्य से मंत्री दाहाल के नेतृत्व में टीम ने सड़क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री दहाल के साथ विभाग के सचिव एबी सुब्बा, गेजिंग जिले के डीसी तेनजिंग डी डेन्जोंग्पा, सड़क एवं पुल विभाग के अधिकारी व कर्मचारी, एनएचआईडीसीएल के अधिकारी तथा संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। निरीक्षण दल ने लेगशेप से गेजिंग की ओर जाने वाले सड़क मार्ग के विभिन्न हिस्सों का पैदल भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। टीम ने सड़क धंसने, भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों, सड़क को हुए नुकसान तथा यातायात संचालन में आ रही कठिनाइयों की जानकारी ली।

स्थलीय निरीक्षण के दौरान स्थानीय स्तर पर सामने आ रही सड़क संबंधी समस्याओं तथा सड़क मरम्मत के लिए किए जा रहे कार्यों पर संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। सड़क को सुरक्षित और नियमित यातायात के लिए सुचारू बनाए रखने के लिए तत्काल किए जाने वाले कार्यों के साथ ही दीर्घकालीन मरम्मत एवं रखरखाव की जरूरतों पर भी जानकारी ली गई।

मंत्री दहाल ने रिम्बी में हुए भूस्खलन का भी स्थलीय निरीक्षण किया। भूस्खलन के कारण प्रभावित सड़क मार्ग की स्थिति की जानकारी लेने के बाद उन्होंने बंद सड़क मार्ग को शीघ्र सुचारु करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि मंगलवार से ही सड़क खोलने का काम शुरू किया जाएगा। सड़क बंद रहने से स्थानीय लोगों और यात्रियों को हो रही परेशानी को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का निर्देश दिया गया।

वर्षाकाल में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण सड़कों और पुलों को नुकसान पहुंचने के साथ कई स्थानों पर भूस्खलन से यातायात प्रभावित हुआ है। ऐसी स्थिति में सड़क मार्गों को तत्काल चालू करने के लिए आवश्यक मरम्मत और सुरक्षा कार्यों में तेजी लाने की जरूरत पर मंत्री ने जोर दिया। उन्होंने गेजिंग जिले को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण जीवनरेखा माने जाने वाले लेगशेप-गेजिंग मार्ग की जल्द से जल्द मरम्मत कर आम लोगों को यातायात सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। निरीक्षण दल ने पेलिंग से चेरेनजी जाने वाले सड़क मार्ग का भी स्थलीय निरीक्षण किया।

टीम ने इस मार्ग पर पैदल चलकर सड़क की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। बताया गया कि कुछ महीने पहले यह सड़क बेहद खराब स्थिति में थी और इसकी स्थिति को लेकर विभिन्न सामाजिक माध्यमों पर भी चर्चा हुई थी। विभाग के अनुसार अब इस सड़क को बेहतर गुणवत्ता वाली स्थिति में परिवर्तित कर काम पूरा कर लिया गया है। निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण एवं मरम्मत के दौरान शेष रह गए कार्यों, सड़क की वर्तमान स्थिति तथा यातायात संचालन में आ रही समस्याओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली गई।

मंत्री दहाल ने सड़क निर्माण और मरम्मत से जुड़े शेष कार्यों को समय पर पूरा करने तथा सड़क को दुरुस्त बनाए रखने के लिए आवश्यक तकनीकी एवं भौतिक कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने विशेष रूप से बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़क खंडों में तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने की आवश्यकता पर जोर दिया। सड़क मार्गों पर सामने आ रही समस्याओं की पहचान कर उनके दीर्घकालीन समाधान की दिशा में भी काम करने को लेकर निरीक्षण दल के बीच चर्चा हुई। लेगशेप-गेजिंग, रिम्बी तथा पेलिंग-चेरेनजी सड़क मार्ग पश्चिम सिक्किम के महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल हैं। इन मार्गों को होने वाली क्षति से स्थानीय लोगों के साथ दैनिक आवागमन करने वाले यात्रियों और विभिन्न क्षेत्रों में जाने वाले वाहनों पर सीधा असर पड़ता है। गेजिंग जिले में पर्यटकों की आवाजाही अधिक होने के कारण निरीक्षण के दौरान सड़क सुविधा के विषय पर भी चर्चा की गई।

मंत्री दहाल के स्थलीय निरीक्षण के बाद संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों ने सड़क पर शेष कार्यों को जल्द पूरा कर मार्गों को दुरुस्त करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने की प्रतिबद्धता जताई। मंत्री दहाल ने लेगशेप से गेजिंग होते हुए पेलिंग और रिम्बी तक सड़क मार्ग का निरीक्षण किया तथा बंद पड़े सड़क मार्गों को जल्द सुचारू करने का आग्रह किया। मंत्री दहाल ने मंगलवार को सीवरेज के कार्य के कारण सड़क खराब हुए क्षेत्रों का भी निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लेने की बात कही है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics