पुलिस का ध्येय सुरक्षा के साथ समाज में विश्वास पैदा करना: राज्यपाल

गंगटोक : सिक्किम पुलिस सेवा (एसपीएस) के 2024 बैच के उप-पुलिस अधीक्षकों ने आज लोकभवन में सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल महोदय ने युवा पुलिस अधिकारियों को बधाई देते हुए पुलिस कानूनों पर विस्तार से संवाद किया और भविष्य की जिम्मेदारियों के लिए उनका मार्गदर्शन किया।

संवाद के दौरान राज्यपाल ने नए अधिकारियों से सीधा सवाल किया कि एक पुलिस अधिकारी के रूप में वे समाज के प्रति अपनी क्या भूमिका और दृष्टिकोण देखते हैं जिसपर अधिकारियों ने अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दी। राज्यपाल ने जोर देकर कहा कि पुलिस का मुख्य ध्येय समाज में सुरक्षा और विश्वास की भावना पैदा करना होना चाहिए। राज्यपाल ने अधिकारियों को स्मरण कराया कि सिक्किम की पहचान एक सौहार्दपूर्ण और शांत राज्य के रूप में है और उन्होंने अधिकारियों को इस शांतिप्रिय विरासत को अक्षुण्ण रखने का आग्रह किया।

इसके साथ ही, माननीय राज्यपाल ने बदलते समय के साथ उभरती नई चुनौतियों, विशेषकर साइबर अपराध और मादक पदार्थों के बढ़ते संकट से निपटने के लिए कार्ययोजना बनाने और आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर विशेष बल दिया। युवा अधिकारियों को प्रेरित करते हुए राज्यपाल ने उन्हें अपनी शारीरिक और मानसिक फिटनेस के प्रति विशेष रूप से सजग रहने की सलाह दी। इसके अतिरिक्त, माननीय राज्यपाल ने बदलते दौर के कानूनों और अपराध के नए तौर-तरीकों को समझने के लिए अधिकारियों को निरंतर अध्ययन करते रहने और सिक्किम राज्य सहित पूरे देश के लिए एक अद्वितीय मिसाल बनने के लिए प्रेरित किया।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics