हर जरूरतमंद परिवार को आवास देने की दिशा में सरकार प्रतिबद्ध : Tshering T. Bhutia

गेजिंग : सिक्किम सरकार की प्रमुख आवास योजना सिक्किम गरीब आवास योजना (एसजीएवाई) के तहत योक्सम-ताशीडिंग विधानसभा क्षेत्र में नवनिर्मित 11 पक्के मकानों का सोमवार को उद्घाटन कर लाभार्थियों को सौंप दिया गया। क्षेत्रीय विधायक सह पर्यटन व नागरिक उड्डयन तथा वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री छिरिंग टी भूटिया ने इन मकानों का उद्घाटन किया।

योजना के तहत योक्सम-दुबड़ी ग्राम पंचायत इकाई में 3, खेचुपेरी में 2, मल्ली-अचिंग में 4 और योक्सम बीएसी के अंतर्गत रिंबी में 2 मकानों का निर्माण किया गया है। उद्घाटन से पहले मंत्री भूटिया ने विभागीय अधिकारियों और अभियंताओं के साथ नवनिर्मित मकानों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और कार्य की पूर्णता का जायजा लेने के बाद लाभार्थियों को मकान औपचारिक रूप से सौंपे।

इस अवसर पर मंत्री Tshering T. Bhutia ने लाभार्थियों को नए पक्के और सुविधायुक्त मकान मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग गोले के नेतृत्व में राज्य सरकार आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के जीवन स्तर में सुधार के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है।

मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हर पात्र और जरूरतमंद परिवार को आवास योजना का लाभ मिले। उन्होंने राज्य सरकार की अन्य कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इनका उद्देश्य समाज के सभी वर्गों का समावेशी विकास और सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार करना है।

लाभार्थियों ने पक्के और सुरक्षित मकान उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग गोले के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में योक्सम बीडीओ सनमान सुब्बा, मल्ली-अचिंग जीपीयू अध्यक्ष दीपक राई, खेचुपेरी ग्राम पंचायत अध्यक्ष सोनम वांग्दी भूटिया, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सदस्य तथा योक्सम बीएसी के अधिकारी और अभियंता उपस्थित थे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics