गंगटोक : नरबहादुर भंडारी सरकारी महाविद्यालय, तादोंग के नेपाली विभाग के तत्वावधान में 35वां नेपाली भाषा मान्यता दिवस सोमवार को महाविद्यालय के सेमिनार कक्ष में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ भव्य रूप से मनाया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार एवं सिक्किम रूपांतरण संस्थान के उपाध्यक्ष सीपी शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सी.पी. शर्मा ने कहा कि नेपाली भाषा, साहित्य और संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन एवं विकास में युवा पीढ़ी की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नेपाली भाषा को संवैधानिक मान्यता दिलाने के लिए लंबे संघर्ष का सामना करना पड़ा है। ऐसे में आगामी पीढ़ी को नेपाली भाषा के महत्व को समझते हुए इसके संरक्षण में सक्रिय योगदान देना चाहिए।
उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से पुस्तकों का अध्ययन करने, सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने तथा अपनी दक्षता में निरंतर वृद्धि करते हुए लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित सिक्किम 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सक्षम और दक्ष युवा मानव संसाधन की आवश्यकता है। वर्तमान समय में युवाओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने विद्यार्थियों से धैर्य, मेहनत और निरंतर प्रयास को सफलता का आधार बनाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान संघ लोक सेवा परीक्षा और नेपाली विषय से संबंधित परिचर्चा भी आयोजित की गई। नरबहादुर भंडारी सरकारी महाविद्यालय, तादोंग के नेपाली विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ टेकबहादुर छेत्री ने परिचर्चा के सहजकर्ता की भूमिका निभाई। परिचर्चा में वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार भीम रावत, वरिष्ठ पत्रकार एवं कवि प्रवीण खालिंग, कंचनजंघा राज्य विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ सुचन प्रधान, सहायक प्राध्यापक डॉ रत्नबहादुर रसाइली तथा स्पेस रिविजन की संस्थापक प्रियम्बदा निरौला परिचर्चाकार के रूप में उपस्थित रहे।
परिचर्चा के दौरान लोक सेवा परीक्षा की तैयारी, परीक्षा प्रणाली, अध्ययन पद्धति तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने के लिए आवश्यक विभिन्न पहलुओं के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी और मार्गदर्शन दिया गया। इस अवसर पर युवा उद्यमी अभिमन्यु ढकाल ने संघ लोक सेवा परीक्षा से संबंधित विशेष वार्ता प्रस्तुत की। उन्होंने अपनी वार्ता में लोक सेवा आयोग के पाठ्यक्रम, अध्ययन पद्धति और प्रश्नावली के बारे में जानकारी दी। साथ ही लोक सेवा परीक्षा की तैयारी के दौरान प्राप्त अपने महत्वपूर्ण अनुभवों को विद्यार्थियों के साथ साझा किया।
कार्यक्रम में नरबहादुर भंडारी सरकारी महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो डॉ देवव्रत पुरोहित द्वारा लिखित कविता संग्रह फर्स्ट लव का मुख्य अतिथि सीपी शर्मा के हाथों लोकार्पण किया गया। लोकार्पित कविता संग्रह पर निरूपणात्मक टिप्पणी डॉ हर्जित गोस्वामी ने प्रस्तुत की। कविता संग्रह के रचनाकार एवं नरबहादुर भंडारी सरकारी महाविद्यालय, तादोंग के प्राचार्य प्रो डॉ डी पुरोहित ने अपनी पुस्तक पर विचार रखते हुए कहा कि संग्रह में संकलित कविताएं विद्यार्थियों को केंद्र में रखकर लिखी गई हैं।
उन्होंने नेपाली विभाग की ओर से आयोजित 35वें नेपाली भाषा मान्यता दिवस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों के बीच नेपाली भाषा और साहित्य के संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर सकारात्मक संदेश जाएगा। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ साहित्यकार एवं साहित्य अकादेमी पुरस्कार प्राप्तकर्ता सीपी शर्मा को नेपाली भाषा एवं साहित्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर अभिनंदित किया गया।
कार्यक्रम का स्वागत संबोधन नरबहादुर भंडारी सरकारी महाविद्यालय, तादोंग के नेपाली विभागाध्यक्ष डॉ उदय छेत्री ने किया। धन्यवाद ज्ञापन विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ टेकबहादुर छेत्री ने किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार एवं सिक्किम रूपांतरण संस्थान के उपाध्यक्ष सीपी शर्मा, महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो डॉ डी पुरोहित, कंचनजंघा राज्य विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्ष एवं सहायक प्राध्यापकगण, नरबहादुर भंडारी सरकारी महाविद्यालय, तादोंग के प्राध्यापकगण, युवा उद्यमी अभिमन्यु ढकाल, पूर्व प्राध्यापक डॉ. पंकज गिरी, वरिष्ठ पत्रकार भीम रावत, प्रवीण खालिंग सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
No Comments: