गंगटोक : ग्राम पंचायत इकाइयों के साप्ताहिक निरीक्षण कार्यक्रम के तहत गंगटोक के जिला कलेक्टर अगवाने रोहन रमेश ने शनिवार को मार्तम-नाजिताम, नामली, ब्येंग फेग्योंग ग्राम पंचायत इकाई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सार्वजनिक बुनियादी ढांचे की स्थिति का जायजा लेने के साथ मानसून के दौरान उत्पन्न समस्याओं की समीक्षा की।
निरीक्षण दल में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त निदेशक सोनम वांग्याल लेप्चा, मार्तम बीडीओ एवं सहायक अभियंता सोनम पालदेन भूटिया, जिला पंचायत एवं पंचायत सदस्य, संबंधित राजस्व सर्वेक्षक तथा ग्राम पंचायत क्षेत्र में तैनात जिला प्रशासन के कर्मचारी शामिल थे।
दल ने नामली आईसीडीएस केंद्र, लोअर नामली आईसीडीएस केंद्र, राबदांग आईसीडीएस केंद्र, 32 नंबर आईसीडीएस केंद्र, सांगखोला प्राथमिक विद्यालय और सांगखोला आईसीडीएस केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान भवनों की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक मरम्मत से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान दिया गया।
निरीक्षण में कई आईसीडीएस केंद्रों की छत से पानी रिसने, प्लाईवुड की छत क्षतिग्रस्त होने और भवनों में दरारें पाए जाने की बात सामने आई। कुछ केंद्रों में बिजली कनेक्शन नहीं होने के कारण मानसून के दौरान अधिक नमी और बच्चों तथा आंगनबाड़ी कर्मियों को असुविधा होने की जानकारी भी मिली।
जिलाधिकारी ने स्थानीय प्रतिनिधियों, पंचायत सदस्यों और अन्य हितधारकों से बातचीत कर जमीनी स्तर की समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित भवनों का स्वयं निरीक्षण कर प्रत्येक स्थान पर जरूरी बुनियादी सुविधाओं और मरम्मत की आवश्यकता की समीक्षा की।
बच्चों और स्थानीय समुदाय से जुड़ी सुविधाओं की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने समय पर मरम्मत, पुनर्बहाली और आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग और समन्वय का भरोसा दिलाते हुए संबंधित विभागों को चिन्हित समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन के अनुसार साप्ताहिक जीपीयू निरीक्षण का उद्देश्य जमीनी स्तर पर निगरानी मजबूत करना, स्थानीय समुदाय के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और आवश्यक सेवाओं की सुरक्षा एवं नियमित रखरखाव सुनिश्चित करना है।
No Comments: