जुनून, अनुशासन और साहस के साथ खेल के क्षेत्र में बढ़़ें आगे : परी बिश्नोई

पाकिम : हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में पाकिम जिला खेल एवं युवा मामलों के विभाग की ओर से शनिवार को सेंट जेवियर्स स्कूल मैदान में जिला स्तरीय राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना के साथ स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना था। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ रही।

कार्यक्रम में पाकिम जिला कलेक्टर परी बिश्नोई (Pari Bishnoi) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ, मुख्य शिक्षा अधिकारी नारायण मिश्रा, पाकिम महकमा अधिकारी एनके भंडारी तथा सेंट जेवियर्स स्कूल के प्राचार्य फादर मार्सेलिनो सुकदेन लेप्चा सम्मानित अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

इस अवसर पर डीसी बिश्नोई ने पदक विजेताओं और सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि खेलों में भागीदारी स्वयं में महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने तथा जुनून, अनुशासन और साहस के साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और विद्यार्थी भविष्य में देश के बड़े खिलाड़ी बन सकते हैं।

बिश्नोई ने राज्य सरकार द्वारा खेलों को बढ़ावा देने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए खेल विभाग से जमीनी स्तर पर प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाने का आग्रह किया। साथ ही विद्यार्थियों से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर सिक्किम और देश का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने के लिए मेहनत करने को कहा।

वहीं, खेल एवं युवा मामलों के संयुक्त निदेशक निम दोर्जी भूटिया ने राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व और भारतीय खेलों में मेजर ध्यानचंद के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ध्यानचंद की उपलब्धियां और विरासत आज भी युवा खिलाडिय़ों को प्रेरित करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से खेलों में सक्रिय भागीदारी कर उत्कृष्टता हासिल करने का आह्वान किया।

सहायक निदेशक रॉबर्ट लेप्चा ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस का उद्देश्य केवल पदक विजेताओं और सफल खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करना ही नहीं, बल्कि आम लोगों को भी शारीरिक रूप से सक्रिय रहने और बेहतर स्वास्थ्य अपनाने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री वन माइल रन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिसमें विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसके बाद छात्रों ने ताइक्वांडो का प्रदर्शन कर अपने कौशल और अनुशासन का परिचय दिया।

इस अवसर पर आहो यांगताम निवासी दुर्गा प्रसाद सुब्बा को फुटबॉल के क्षेत्र में करीब एक दशक की सेवा तथा जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। खेल विषयक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। विजेताओं और प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में खेल एवं युवा मामलों के विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक तथा विभिन्न खेल संघों के अध्यक्ष भी उपस्थित रहे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics