पाकिम : नाथांग-माचोंग निर्वाचन क्षेत्र में सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) की निर्वाचन क्षेत्र स्तरीय समन्वय बैठक सोमवार को पाकिम में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्र की विधायक पामिन लेप्चा (Pamin Lepcha) ने की। बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और निर्वाचन क्षेत्र स्तरीय समिति (सीएलसी) के बीच समन्वय मजबूत करने के साथ क्षेत्र के विकास और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री एवं एसकेएम अध्यक्ष प्रेम सिंह तमांग के नेतृत्व में आयोजित बैठक में पार्टी के कार्यक्रमों, संगठनात्मक रणनीति, सरकार की नीतियों तथा निर्वाचन क्षेत्र में चल रही और प्रस्तावित विकास योजनाओं की समीक्षा की गई। पंचायत सदस्यों और सीएलसी पदाधिकारियों के साथ खुले संवाद के दौरान स्थानीय समस्याओं, शिकायतों, सुझावों और प्राथमिकताओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।
विधायक पामिन लेप्चा ने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए आमा योजना, एसजीएवाई सहित अन्य योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने पाकिम बाजार के सौंदर्यीकरण, पर्यटन को बढ़ावा देने और आधारभूत ढांचे के विकास के लिए चल रही तथा प्रस्तावित पहलों की भी जानकारी साझा की।
उन्होंने कहा कि सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ केवल वास्तविक और पात्र लाभार्थियों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने जमीनी स्तर पर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में पंचायतों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों और सरकार के बीच बेहतर समन्वय से लोगों तक सरकारी योजनाओं, कार्यक्रमों और विकास कार्यों की सही जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सकती है।
बैठक में सरकारी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जमीनी स्तर पर समन्वय मजबूत करने तथा जनता की आवश्यकताओं और आकांक्षाओं को प्राथमिकता देने पर भी चर्चा हुई। विधायक ने पंचायत प्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और सीएलसी सदस्यों से एकजुटता, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ निर्वाचन क्षेत्र के विकास तथा जनता के कल्याण के लिए काम करने का आह्वान किया।
बैठक में चेयरपर्सन निम चिकी शेरपा, विधायक के ओएसडी एमबी गुरुंग, जिला एवं पंचायत सदस्य, पाकिम नगर पंचायत अध्यक्ष इंचुंग भूटिया, पार्षद राकेश बस्नेत, पाकिम जिला एसकेएम युवा प्रभारी सबिन सुब्बा, जिला नारी संयोजक लीनाउस लेप्चा, जिला युवा सचिव थुतोप भूटिया, सीएलसी अध्यक्ष अरुण सुब्बा, सीएलसी नारी संयोजक मिलन गुरूंग, सीएलसी युवा संयोजक ताशी वांगचुक भूटिया सहित सीएलसी के कार्यकारी सदस्य उपस्थित रहे।
No Comments: