राष्ट्रीय खेलकूद दिवस पर गंगटोक में दौड़ेंगे 500 धावक, 29 अगस्त को होगी 5 किमी दौड़

गंगटोक : राष्ट्रीय खेलकूद दिवस के अवसर पर स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली का संदेश देने के उद्देश्य से सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) का खेलकूद प्रकोष्ठ 29 अगस्त को गंगटोक में 5 किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन करेगा। पार्टी अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाली इस दौड़ में अधिकतम 500 धावक हिस्सा ले सकेंगे।

इस संबंध में एसकेएम पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में विधायक एवं एसकेएम खेलकूद प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष प्रभारी तेनजिंग नोरबू नाम्था ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलकूद दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली यह दौड़ देशभर में होने वाले आयोजनों के साथ एकजुटता व्यक्त करने के साथ ही राज्य में खेल और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देने का प्रयास है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग की पहल और मार्गदर्शन में सिक्किम में खेलकूद को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। राज्य सरकार खेल क्षेत्र के समग्र विकास के साथ स्थानीय खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आम लोगों में खेलों के प्रति आकर्षण बढ़ाना तथा स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली को प्रोत्साहित करना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

एसकेएम खेलकूद प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष एवं खेल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रिन्जिंग वांग्याल छोपेल ने बताया कि आम नागरिकों में मैराथन और दौड़ प्रतियोगिताओं के प्रति बढ़ते आकर्षण को देखते हुए 5 किलोमीटर दौड़ आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। प्रतियोगिता में महिला और पुरुष दोनों वर्गों के प्रतिभागियों के लिए चार आयु समूह निर्धारित किए गए हैं।

इनमें 13 से 17 वर्ष, 18 से 35 वर्ष, 36 से 45 वर्ष तथा 46 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग शामिल हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पंजीकरण पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है और अधिकतम 500 धावकों को इसमें शामिल होने का अवसर मिलेगा। बताया गया कि मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग (गोले) दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। दौड़ रिज पार्क से शुरू होकर जीरो प्वाइंट, वज्र, बालुवाखानी, भानु पथ और ताशीलिंग सचिवालय मार्ग से होते हुए पुनः रिज पार्क पहुंचकर संपन्न होगी।

इस आयोजन को खेल एवं युवा मामले विभाग के सहयोग तथा सिक्किम पुलिस और गंगटोक नगर निगम के समन्वय से आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले धावकों को नकद पुरस्कार, पदक और प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।

पत्रकार सम्मेलन को एसकेएम खेलकूद प्रकोष्ठ के महासचिव निर्मल छेत्री ने भी संबोधित किया। आयोजकों ने आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेकर राष्ट्रीय खेलकूद दिवस के संदेश को मजबूत करने का आह्वान किया है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics