पाकिम : जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी, सेवन और उससे जुड़ी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु मंगलवार को पाकिम जिला प्रशासनिक केंद्र में नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर (एनकॉर्ड) और नशा मुक्त भारत अभियान की मासिक जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। पाकिम की जिला कलेक्टर परी बिश्नोई (Pari Bishnoi) की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक छिरिंग शेरपा भी मौजूद थे।
बैठक में पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा की गई। विभिन्न विभागों के अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत किए गए कार्यक्रमों, जागरुकता गतिविधियों और अन्य पहलों की जानकारी दी।
इस दौरान, डीसी ने नशीले पदार्थों के स्रोत और आपूर्ति तंत्र तक पहुंचने के लिए जांच और प्रवर्तन व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने वित्तीय जांच तंत्र, नशा मुक्त भारत अभियान और आकस्मिक जांच से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की समस्या से निपटने के लिए केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि लगातार जागरुकता और रोकथाम के प्रयास भी जरूरी हैं।
उन्होंने विभागों से सार्वजनिक कार्यक्रमों और आयोजनों में ‘नशा मुक्त भारत’ की शपथ को शामिल करने का आग्रह किया। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के जरिए जागरूकता संदेशों को नियमित रूप से लोगों तक पहुंचाने पर बल दिया।
जिला कलेक्टर ने नशा रोकथाम से जुड़े कार्यक्रमों के प्रभाव और परिणामों का आकलन करने के लिए तथ्य आधारित मूल्यांकन व्यवस्था विकसित करने की जरूरत भी बताई। बैठक में पुलिस अधीक्षक छिरिंग शेरपा ने जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ हाल में की गई कार्रवाई और जांच से जुड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने वन आरक्षित क्षेत्रों में पाए जाने वाले गांजे के पौधों को नष्ट करने के लिए वन विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाने का सुझाव दिया।
बैठक में खुफिया तंत्र मजबूत करने, नशा मुक्ति केंद्रों की सुविधाओं, सूचना एवं जागरूकता गतिविधियों तथा शिक्षण संस्थानों में नशे के खिलाफ सक्रिय अभियान चलाने पर भी चर्चा हुई। विभिन्न विभागों और संगठनों के सदस्यों ने नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए अपने सुझाव और प्रस्ताव रखे।
बैठक में एडीसी, मुख्य शिक्षा अधिकारी, उप क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, वन विभाग, समाज कल्याण विभाग, एसएसबी की 69वीं बटालियन, आयुष, आबकारी और कृषि विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा समैरिटन रिहैब और सारथी संगठन के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
No Comments: